एनकेजे पुलिस ने अवैध कट्टा और कारतूस के साथ बदमाश को दबोचा

कटनी जबलपुर दर्पण । थाना एनकेजे पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान एक व्यक्ति को अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में अपराधियों की निगरानी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की कार्रवाई लगातार जारी है।
अति पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया और उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) उषा राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एनकेजे द्वारा क्षेत्र में गश्त के दौरान यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने छोटी खिरहनी स्थित शनि मंदिर के सामने बताए गए हुलिए के व्यक्ति को देखा। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसने हथियार का कोई लाइसेंस नहीं बताया।
आरोपी की पहचान मोहम्मद रिजवान पिता मनउवर खान (आयु 25 वर्ष), निवासी रोशननगर, थाना एनकेजे, जिला कटनी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से अवैध हथियार प्राप्त करने के स्रोत के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में उनि. रूपेन्द्र राजपूत, सउनि सहपाल परतेती, प्र.आर. शैलेष दमोहिया, राजेश सिंह परिहार, आरिफ हुसैन, विजय राणा, अमित श्रीपाल, शुभम गौतम और चालक आर. ओमशिव तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।



