जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम ढीमरखेड़ा में आयोजित

सतीश चौरसिया उमरियापान जबलपुर दर्पण । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को देश के समक्ष लाने का अभियान चलाया है । शनिवार को पूरे देश में भगवान बिरसा मुंडा जयंती मनाई जा रही है । भगवान बिरसा मुंडा ने मातृभूमि के गौरव और सम्मान की रक्षा के लिये अपना सर्वस्व बलिदान दिया । भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हम सबके लिए मार्गदर्शक है और हम उन्हें हृदय से स्मरण और नमन करते हैं । यह बात धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती के समापन वर्ष के उपलक्ष्य पर शनिवार को जिले के विकासखंड ढीमरखेड़ा के महात्मा गांधी मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मौजूद बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने कही । इस दौरान लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुजरात के नर्मदा जिले में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस पर कार्यक्रम में दिए संबोधन को वर्चुअली देखा और सुना ।कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे, जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय, जनपद उपाध्यक्ष दुर्गा पारस पटेल, उमरियापान मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, ढीमरखेड़ा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी , सलौड़ी मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी, जनपद सदस्य अटल वाजपेयी सहित महेन्द्र कोरी, एसडीएम ढीमरखेड़ा निधि गोहल, पर्यावरणविद् एवं मानव जीवन विकास समिति के सचिव निर्भय सिंह, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विमल चौरसिया, जनपद पंचायत सीईओ यजुवेन्द्र कोरी मौजूद रहे ।विधायक श्री सिंह ने कहा है कि जल, जंगल और जमीन का अधिकार जनजातीय समाज का मूल अधिकार है । इसे अंग्रेज उनसे छीनना चाहते थे । भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के अत्याचार, अनाचार के खिलाफ जनजातीय समाज को खड़ा किया और अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी । उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष व्यर्थ न जाये, इसलिए उनके आदर्शों का अनुसरण करना होगा । श्री सिंह ने कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान और समग्र विकास के लिए शासकीय योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है ।
शहडोल सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम ने भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व व कृतित्व पर विस्तृत प्रकाश डाला । वहीं जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने कहा कि मातृ भूमि की रक्षा के लिये भगवान बिरसा मुंडा का समर्पण भाव नमन योग्य है ।
जिला पंचायत सीईओ ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन मात्र 25 साल का रहा और इतनी कम उम्र में ही उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ मुहिम चलाई। वे साहस के प्रतीक रहे हैं । सुश्री कौर ने कहा कि उनके जीवन से सीखें, आगे बढ़ें और प्रकृति को बचायें ।
सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास बरगवां की छात्राओं ने करमा नृत्य और अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास ढ़ीमरखेड़ा की छात्राओं ने मनमोहक आदिवासी नृत्य की प्रस्तुति दी ।
हितलाभों का वितरण
कार्यक्रम के दौरान दो हितग्राहियों को स्वरोजगार हेतु भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजनांतर्गत ऋण राशि प्रदान की गई । इसके अलावा मेधावी छात्रों और लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान किये गये ।



