अमर शहीद निरीक्षक आशीष शर्मा को नरसिंहपुर पुलिस की भावपूर्ण श्रद्धांजलि

नरसिंहपुर जबलपुर दर्पण । नक्सल विरोधी अभियान में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद निरीक्षक आशीष शर्मा (हॉक फोर्स, मध्यप्रदेश) को मंगलवार को नरसिंहपुर पुलिस द्वारा उनके गृह ग्राम बोहानी में आयोजित गंगाजली कार्यक्रम के दौरान भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी बोहानी पहुंचे और शहीद निरीक्षक को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
🔹 नक्सल ऑपरेशन में दिखाया अदम्य साहस
ज्ञात हो कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की संयुक्त टीम द्वारा 19 नवंबर 2025 को चलाए गए नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आशीष शर्मा ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए नक्सलियों से वीरतापूर्वक लड़ाई लड़ी और इसी दौरान वे वीरगति को प्राप्त हुए। उनकी शहादत ने पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
🔹 गंगाजली कार्यक्रम में उमड़ा भावनाओं का सैलाब
2 दिसंबर 2025 को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से शहीद को अंतिम विदाई दी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि—
“नरसिंहपुर पुलिस अमर शहीद निरीक्षक आशीष शर्मा के सर्वोच्च बलिदान को सदैव स्मरण रखेगी। उनका अदम्य साहस हर जवान के लिए प्रेरणा है।”
शहीद आशीष शर्मा के सम्मान में पूरे कार्यक्रम के दौरान भावुक माहौल रहा। नरसिंहपुर पुलिस ने उनके स्मृति स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।



