अमूल के निर्माणाधीन भवन पर रोक 5 औद्योगिक इकाइयों को अंतिम नोटिस

जबलपुर दर्पण । निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार नगर निगम द्वारा संभागवार एवं वार्डवार बकाया करों की वसूली के लिए प्रयास तेज कर दिये हैं। राजस्व विभाग की टीम द्वारा जिन करदाताओं को बार-बार सूचना देने के बाद भी बकाया करों की राशि जमा नहीं की जा रही है, उन सभी करदाताओं के विरूद्ध कुर्की, तालाबंदी एवं नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज संभाग क्रमांक 15 अंतर्गत अमूल के निर्माणाधीन भवन पर टैक्स की राशि जमा नहीं होने पर तीन दिन का नोटिस जारी कर निर्माणाधीन भवन के कार्य पर रोक लगाई गयी। इसी प्रकार एम.पी. वेयर हाउस पर 10 लाख रूपये की राशि, विकास इलेक्ट्रिकल से 2 लाख 27 हजार रूपये की राशि, विजय उद्योग से 31 लाख 64 हजार रूपये की राशि, जनताउ पंचगव्य सेन्टर से 6 लाख 62 हजार रूपये की राशि एवं महाकाल इंडस्ट्री से 72 हजार रूपये की राशि बकाया होने पर तीन दिन का अंतिम नोटिस जारी किया गया। तीन दिनों के अंदर बकायादारों द्वारा राशि जमा नहीं होने पर कुर्की की कार्यवाही की जायेगी। कार्यवाही के समय संभागीय अधिकारी संतोष अग्रवाल, राजस्व निरीक्षक शिरीष उपाध्याय, सहायक राजस्व निरीक्षक राहुल श्रीवास्तव, नीरज जैन सहित फायर बिग्रेड का दल आदि उपस्थित रहे।


