जिले के पीएम श्री विद्यालयों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट में आयोजित

जबलपुर दर्पण । जिले के समस्त पीएम श्री विद्यालयों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने की। इस अवसर पर भारत सरकार की संयुक्त सचिव अमरप्रीत सिंह दुग्गल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह द्वारा जिले में संचालित पीएम श्री विद्यालयों की प्रगति की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि जिले के कुल 27 विद्यालय पीएम श्री योजना में चयनित हैं, जिनमें 7 केंद्रीय विद्यालय, 1 नवोदय विद्यालय तथा राज्य शासन के 19 विद्यालय शामिल हैं।
कलेक्टर द्वारा योजना के प्रमुख घटकों जैसे “जादू नहीं विज्ञान”, आकर्षक विद्यालय प्रवेश द्वार, बैगलेस डे, गणित एवं विज्ञान सर्किल, टीएलएम नवाचार, यूथ क्लब एवं इको क्लब आदि गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा इनके प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए संयुक्त सचिव श्रीमती अमरप्रीत सिंह दुग्गल ने कहा कि पीएम श्री विद्यालय योजना केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी पहल है, जिसकी मॉनिटरिंग माननीय प्रधानमंत्री द्वारा समय-समय पर की जाती है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं प्राचार्य इस राष्ट्रीय शिक्षा परिवर्तन अभियान का हिस्सा हैं।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा शौचालय, विशेषकर बालिका शौचालय, स्वच्छ एवं क्रियाशील अवस्था में रहें। इको क्लबों को मिशन LiFE से जोड़ते हुए आवश्यक जानकारी निर्धारित प्रारूप में प्रदर्शित की जाए। केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा प्राप्त राशि का उपयोग निर्धारित मदों में पारदर्शिता के साथ किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि नर्सरी कक्षाओं हेतु “जादू नहीं पिटारा” किट एनसीईआरटी से प्राप्त कर उसका प्रभावी उपयोग किया जाए। ही विद्यालयों में मेंटल हेल्थ काउंसलर एवं करियर काउंसलर की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक गेहलोत, दिल्ली से शिक्षा विभाग की कंसल्टेंट रेनू रुहिल,जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी, उपायुक्त केंद्रीय विद्यालय संगठन श्री दिगराज मीणा, डीपीसी श्री योगेश शर्मा, एडीपीसी श्री गौतम बर्बे, विधि अधिकारी कृष्णकांत शर्मा, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO), नवोदय विद्यालय के प्राचार्य श्री एस. एन. मिश्र सहित जिले के सभी पीएम श्री विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
⸻
दो विद्यालयों का निरीक्षण
संयुक्त सचिव श्रीमती अमरप्रीत सिंह दुग्गल द्वारा जिले के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बरगी नगर तथा पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सालीवाड़ा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया गया तथा पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए।
निरिक्षण के दौरान राज्य शिक्षा केंद्र के अपर संचालक अरुण सिंह ,दिल्ली से कंसल्टेंट रेनू रुहिल ,तहसीलदार रविंद्र पटेल सहित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे |
