जबलपुर में रमज़ान के दूसरे जुमा पर अदा हुई नमाज़

जबलपुर दर्पण ! पवित्र रमज़ान माह को इस्लाम धर्म में इबादत, संयम, पाकीज़गी का विशेष समय माना जाता है। इस पूरे महीने रोजेदार अल्लाह की इबादत, दुआ और नेक कामों में लगे रहते हैं, वहीं रमज़ान के दौरान आने वाले शुक्रवार (जुमा) का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। रमज़ान के दूसरे जुमा के मौके पर नगर एवं उपनगरीय क्षेत्रों की 100 से अधिक मस्जिदों और नमाज़गाहों में दोपहर जुमा के समय हजारों की तादाद में मुस्लिमों ने विशेष नमाज़ अदा की।
मुस्लिम बहुल क्षेत्रों की मस्जिदों के बाहर तक नमाजियों की लंबी कतारें लगी रहीं। नमाज़ से पूर्व इमाम साहब ने जुमा का खुत्बा पढ़ा तथा नमाज़ के बाद मुल्क और शहर जबलपुर में अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ की गई। आगे की कतारों में बुजुर्गों ने तथा पीछे की कतारों में बच्चों ने नमाज़ अदा की।
मंडी मदार टेकरी स्थित जामा मस्जिद जमीअतुल कुरेश, नूरानी मस्जिद ठक्कर ग्राम, मस्जिद हनफिया बहोराबाग, हमजा मस्जिद अजीजगंज, मदीना मस्जिद गोहलपुर, सुलेमानी मस्जिद चांदनी चौक, मस्जिद अलफबेग मंसूराबाद, सालार गाजी नगर, गाजी मस्जिद नई बस्ती, यकीनिया जामा मस्जिद ढलगर मोहल्ला, जामा मस्जिद अंधेरदेव, जामा मस्जिद ओमती, जामा मस्जिद जहांगीराबाद सहित सदर, रामपुर, गोरखपुर और गढ़ा क्षेत्रों की मस्जिदों में बड़ी संख्या में मुस्लिम बंधुओं ने रमज़ान के दूसरे जुमा की नमाज़ अदा की। शिया मुस्लिमों द्वारा फूटाताल स्थित जामा मस्जिद जाकिर अली में भी जुमा की नमाज़ अदा की गई।
इसके अलावा जामा मस्जिद सदर, रामपुर, गोरखपुर, गढ़ा और रांझी की मस्जिदों में भी रमज़ान के जुमा की नमाज़ अदा हुई। मदन महल क्षेत्र स्थित जिन्नाती मस्जिद तथा गोसुलवरा नूरानी मस्जिद में भी बड़ी तादाद में नमाज़ी शामिल हुए।
रमज़ान शरीफ के दूसरे जुमा के अवसर पर मदन महल दरगाह के सज्जादा नशीन सूफी मुबारक कादरी के निवास पर महिलाओं के लिए विशेष रोज़ा इफ़्तार का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने शिरकत कर रोज़ा इफ़्तार किया। वारिश कादरी ने सभी का शुक्रिया अदा किया।
इसी क्रम में गौरी घाट रोड, बादशाह हलवाई मोड़ स्थित हज़रत जलालुद्दीन बाबली वाले बाबा रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह में शनिवार को सैय्यद कादिर अली कादरी की सदारत में रोज़ेदारों के लिए अफ़्तार-ए-आम का आयोजन रखा गया है। दरगाह के ख़ादिम अज्जु बाबा ने शहर के तमाम रोज़ेदारों और अकीदतमंदों से अफ़्तार-ए-आम में शामिल होने की अपील की है।


