शास्त्री ब्रिज के नीचे फिर सुलगा कचरा, स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही जारी

जबलपुर दर्पण । लगातार खबरों के प्रकाशन और शिकायतों के बावजूद नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। शहर के व्यस्त इलाके शास्त्री ब्रिज के नीचे एक बार फिर कचरा डंप किया गया, जिसमें आज आग लगने से आसपास के क्षेत्र में धुआं फैल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार चेतावनी और मीडिया में खबरें प्रकाशित होने के बावजूद यहां नियमित रूप से कचरा फेंका जा रहा है। इससे न केवल पर्यावरण प्रदूषण बढ़ रहा है, बल्कि राहगीरों और आसपास के निवासियों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है। आज लगी आग के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धुएं के गुबार से यातायात भी प्रभावित हुआ और लोगों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय नागरिकों ने इस मामले में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में यह बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।



