आंधी-बारिश के बाद टेढ़े-मेढ़े फ्लेक्स बने खतरा, क्या हादसे के इंतजार में नगर निगम?

जबलपुर दर्पण । बीते दिनों आई तेज बारिश और आंधी के बाद शहर की सड़कों और चौराहों पर लगे अधिकांश फ्लेक्स और बैनर टेढ़े-मेढ़े होकर झूल रहे हैं। खासकर रसल चौक से लेकर शास्त्री ब्रिज क्षेत्र तक कई स्थानों पर यह स्थिति साफ देखी जा सकती है। ये ढीले और झुके हुए फ्लेक्स राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं। तेज हवा या हल्की सी बारिश में इनके गिरने की आशंका बनी रहती है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर रंगाई-पुताई और पौधारोपण जैसे कार्य तो किए जा रहे हैं, लेकिन इस तरह के जोखिम भरे फ्लेक्स हटाने या व्यवस्थित करने की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या नगर निगम को यह संभावित खतरा दिखाई नहीं दे रहा, या फिर किसी दुर्घटना के बाद ही कार्रवाई की जाएगी? नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल ऐसे सभी क्षतिग्रस्त फ्लेक्स और होर्डिंग्स को हटाने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी से पहले ही स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।


