सिलौंडी में गीता ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ

सतीश चौरसिया उमरियापान । सिलौंडी स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में श्रीमद् भगवत गीता एवं रामायण पर आधारित सप्त दिवसीय गीता ज्ञान यज्ञ” का शुभारंभ श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर राजयोगिनी बी.के. भावना बहिन जी ने किया ।
इस अवसर पर उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रीमद् भगवत गीता के महावाक्य केवल पढ़ने या सुनने के लिए नहीं हैं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में उतारना ही सच्चा धर्म है । उन्होंने कहा कि गीता हमें कर्म, ज्ञान और भक्ति का संतुलन सिखाती है, जिससे व्यक्ति अपने जीवन को सफल और सार्थक बना सकता है ।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों में श्रीमती ललिता राय, सुरेश राय (पूर्व जिला उपाध्यक्ष, भाजपा), पूर्व सरपंच अनिल राय, जिला मंत्री भाजपा डॉ. प्रशांत राय, पूर्व सरपंच डॉ. अन्नु राय, मंडल उपाध्यक्ष अमित राय, डॉ. सुनील राय, आशीष राय, जीवन लाल राय, हेमंत राय एवं राजनारायण राय सहित अनेक श्रद्धालुजन शामिल रहे ।
सप्त दिवसीय इस गीता ज्ञान यज्ञ में प्रतिदिन प्रवचन, भजन के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं । आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी जनों से कार्यक्रम में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ लेने की अपील की है ।



