मझौली तहसील के अंतर्गत आने वाले गाँव सरोदा टिकुरी माडला मै गेंहू की फसल मै लगी आग

जबलपुर दर्पण मझौली। जबलपुर जिले की मझौली तहसील के तीन गांवों के ग्रामीण क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब गेहूं की खड़ी फसल में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कई एकड़ में फैली फसल जलकर पूरी तरह खाक हो गई।
आग की लपटें और तेज हवा के कारण स्थिति लगातार भयावह होती गई। किसानों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के चलते आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। इस दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा और स्थिति को संभाले रखा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है। हालांकि शॉर्ट सर्किट या किसी की लापरवाही को संभावित वजह माना जा रहा है। इस भीषण आगजनी से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है, जिससे क्षेत्र के किसानों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित किसानों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजे की मांग की है। वहीं प्रशासन द्वारा नुकसान का सर्वे कर उचित सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल, किसान सहमे — प्रशासन से राहत की उम्मीद।



