एमआरपी से ज्यादा दाम पर बिक रही शराब, आबकारी व्यवस्था पर उठे सवाल

जबलपुर दर्पण मझौली। नगर मझौली के सिहोरा रोड स्थित एक शासकीय शराब दुकान इन दिनों विवादों के घेरे में है। आरोप है कि आबकारी विभाग द्वारा संचालित इस दुकान पर शराब की बिक्री निर्धारित एमआरपी से अधिक कीमत पर की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब दुकान सीधे शासन के अधीन संचालित हो रही है, तब इस तरह की अनियमितता कई सवाल खड़े करती है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि खुलेआम अधिक दाम वसूले जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। गौरतलब है कि शासन द्वारा तय एमआरपी का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर सामग्री उपलब्ध कराना होता है, लेकिन यदि उसी में गड़बड़ी हो रही है, तो यह सीधे तौर पर शासन को राजस्व हानि और भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। अब सवाल यह उठता है कि वसूली गई अतिरिक्त राशि शासन के खजाने में जा रही है या फिर कहीं अधिकारियों और कर्मचारियों की जेब भरने का जरिया बन रही है। स्थानीय नागरिकों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।



