कचरे के ढेर में तब्दील गुरंदी

जबलपुर दर्पण । जबलपुर में एक ओर जहां नगर निगम द्वारा मछली मार्केट को नए रूप में विकसित कर साफ-सफाई करवाई गई है, वहीं ठीक उसके बगल में बना डंपिंग जोन अब भी बदहाल स्थिति में पड़ा है।
गुरंदी क्षेत्र में फैला यह कचरे का ढेर स्थानीय लोगों के लिए गंभीर समस्या बनता जा रहा है।कचरे के आसपास पुराने कपड़ों की दुकानें लगाने वाले लोग मजबूरी में उसी गंदगी और दुर्गंध के बीच अपना जीवन यापन कर रहे हैं। जब उनसे बात की गई तो उन्होंने बताया कि अब उन्हें इस स्थिति की आदत हो गई है और वे इसके खिलाफ कुछ कहना नहीं चाहते।स्थिति यह सवाल खड़े करती है कि क्या नगर निगम का स्वच्छता अभियान केवल कुछ सीमित क्षेत्रों तक ही सिमटकर रह गया है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को यह गंदगी दिखाई नहीं देती?स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गंदगी से भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं। साथ ही, सड़क किनारे फैले कचरे से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।अब देखना यह होगा कि नगर निगम इस समस्या को कब तक नजरअंदाज करता है और कब इस ओर ठोस कदम उठाए जाते हैं।



