महापौर ने किया 3.5 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाली गोहलपुर पुलिया चैड़ीकरण कार्य का भूमिपूजन

जबलपुर दर्पण । शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और पेयजल संकट से देवतुल्य नागरिकों को राहत प्रदान करने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ी सौगात दी है। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ और सांसद आशीष दुबे, विधायक डाॅं. अभिलाष पाण्डेय, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, एम.आई.सी. सदस्य विवेकराम सोनकर, डाॅं. सुभाष तिवारी, श्रीमती अंशुल राघवेन्द्र यादव, पार्षद श्रीमती वर्षा मनोज सेन एवं श्रीमती मधुवाला राजपूत की उपस्थिति में लगभग 4.5 करोड रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ, जो आने वाले समय में शहर के लिए लाइफ लाइन साबित होंगे।
गोहलपुर पुलिया निर्माण से जाम से मिलेगी मुक्ति, देवतुल्य नागरिकों के चेहरे पर खिलेगी मुस्कान
विधायक डाॅं. पाण्डेय का सपना हुआ साकार, चुनाव घोषणा पत्र में गोहलपुर पुलिया चैड़ीकरण कराने लिया था संकल्प-भूमिपूजन के अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि लंबे समय से गोहलपुर क्षेत्र में लगने वाले ट्रैफिक जाम से अब नागरिकों को स्थाई राहत मिलने वाली है। उन्होंने बताया कि 3 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह पुलिया शहर के बुनियादी ढांचे के लिए मील का पत्थर मानी जा रही है। इस अवसर पर सांसद आशीष दुबे ने बताया कि यह पुलिया 80 फीट चैड़ी और 80 फीट लंबी होगी। उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक डाॅं. अभिलाष पाण्डेय ने बताया कि चैड़ीकरण के बाद जबलपुर शहर के नागरिकों को संकरी सड़क और घंटों के जाम से निजात मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापार और आवागमन को नई गति मिलेगी। विधायक डाॅं. पाण्डेय ने बताया कि चुनाव के दौरान उन्होंने अपने घोषणा पत्र में गोहलपुर पुलिया चैड़ीकरण कराने के कार्य का संकल्प लिया था, जिसे आज पूरा कर अपने सपने को साकार किया। इसके लिए उन्होंने महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के प्रति आभार व्यक्त किया है।
महापौर ने किया उच्चस्तरीय पानी टंकी के निर्माण कार्य का भूमिपूजन, 12 लाख लीटर की नई टंकी-महापौर श्री अन्नू ने बताया कि विकास की कड़ी में केवल सड़कें ही नहीं, बल्कि मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। महाराजा अग्रसेन वार्ड के चंद्रशेखर उद्यान में लगभग 76 लाख रुपये की लागत से एक उच्चस्तरीय पानी की टंकी का निर्माण शुरू किया गया है, इस टंकी की क्षमता 12 लाख लीटर होगी। इससे उत्तर मध्य विधानसभा के अंतर्गत आने वाले मोहल्लों में पानी के दबाव की समस्या खत्म होगी और घर-घर तक पर्याप्त पानी पहुँचेगा।
सांसद आशीष दुबे ने कहा कि नगर निगम के महापौर श्री अन्नू का लक्ष्य जबलपुर को आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त शहर बनाना है। इन परियोजनाओं के शुरू होने से न केवल शहर का स्वरूप बदलेगा, बल्कि संस्कारधानी के नागरिकों के जीवन स्तर में भी बड़ा सकारात्मक बदलाव आएगा। स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शहर के लिए एक बड़ी सौगात बताया है। इस अवसर पर उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक डाॅं. अभिलाष पाण्डेय ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अमृत फेस 2 योजना के अंतर्गत नगर निगम द्वारा लगभग 76 लाख रूपये की लागत से कराये जा रहे पानी टंकी के निर्माण पूर्ण होने के उपरांत क्षेत्रीय नागरिकों को पेयजलापूर्ति संबंधी बड़ी राहत मिलेगी। इस अवसर पर क्षेत्रीय वरिष्ठ पार्षद कमलेश अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किये और कहा कि नगर निगम द्वारा शहर में बड़े पैमाने पर विकास के कार्य महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के नेतृत्व में कराये जा रहे हैं। विकास कार्यो में हमारे सभी जनप्रतिनिधियों का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहता है इसके लिए हम सभी वरिष्ठ सम्माननीय जनप्रतिनिधियों के प्रति विकास कार्यो की सौगात देने के लिए आभार व्यक्त करते हैं। इस अवसर पर अपर आयुक्त व्ही एन बाजपेयी, सहायक यंत्री राजेश खम्परिया, अंकुर नाग, प्रदीप मरावी आदि उपस्थित रहे।



