जबलपुर का आरआरआर सेंटर बना प्रेरणा का केंद्र

जबलपुर दर्पण । केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने आईएसबीटी बस स्टैंड स्थित आरआरआर सेंटर का भ्रमण कर नगर निगम जबलपुर द्वारा किए जा रहे नवाचारों एवं जनहितकारी प्रयासों की विशेष सराहना की। मंत्री जी ने अपने हस्तलिखित संदेश में नगर निगम द्वारा “रिड्यूस रीयूज रीसायकल” अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों को समाजहित में अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय बताया। नगर पालिक निगम जबलपुर द्वारा आरआरआर सेंटर की गतिविधियों, संचालन एवं “रिड्यूस रीयूज रीसायकल” अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की गई। मंत्री जी ने कहा कि उपयोग योग्य वस्तुओं को जरूरतमंद परिवारों तक पहुँचाने का यह प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला है तथा यह मॉडल अन्य नगरों के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा। इस अभियान में वी शाइन फाउंडेशन की विशेष सहभागिता रही। आरआरआर सेंटर संभाग-16 की देखरेख हेतु नगर निगम एवं वी शाइन फाउंडेशन के मध्य एमओयू हस्ताक्षरित किया गया है। संस्था की अध्यक्ष वैशाली धारिया ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू को संस्था का कैलेंडर भेंट किया तथा जानकारी दी कि आरआरआर सेंटर में प्राप्त होने वाले उपयोगी कपड़ों का पुनर्चक्रण कर थैले तैयार किए जाते हैं, जिन्हें आमजन को नाममात्र शुल्क पर उपलब्ध कराया जाता है।संस्था की सह सचिव आस्था दीक्षित ने मंत्री जी को आरआरआर सेंटर में खिलौने, जूते, पुस्तकें एवं अन्य उपयोगी सामग्रियों के दान अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल जरूरतमंदों तक आवश्यक वस्तुएँ पहुँचाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।मंत्री जी ने “आरआरआर ऑन व्हील” एवं स्वच्छता प्रहरी विशेष वाहनों का अवलोकन कर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में नगर निगम जबलपुर द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष रिंकु बिज, एमआईसी सदस्य रजनी कैलाश साहू, आयुक्त महोदय रामप्रकाश अहिरवार एवं अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों से स्वच्छता अपनाने एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूक रहने का संदेश दिया।



