केंद्रीय राज्यमंत्री टोखन साहू ने सराहा जबलपुर का स्वच्छता मॉडल, पूरे देश में लागू हो कठौंदा वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की तकनीक

जबलपुर दर्पण । नगर निगम द्वारा स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे अभिनव प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी सराहना मिली है। अपने जबलपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री टोखन साहू ने शहर के स्वच्छता अभियान के कार्यों का जमीनी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कठौंदा स्थित वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का बारीकी से अवलोकन किया और इसे एक अनुकरणीय मॉडल बताते हुए कहा कि इस तकनीक और कार्यप्रणाली को पूरे देश में लागू करने की आवश्यकता है।
कठौंदा वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की बारीकियों को समझा
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने प्लांट की कार्यप्रणाली, कचरे से बिजली बनाने की प्रक्रिया और इसके पर्यावरणीय लाभों के बारे में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। नगर निगम के नवाचारों से प्रभावित होकर उन्होंने कहा जबलपुर नगर निगम ने स्वच्छता और कचरा प्रबंधन में जो नए प्रयोग किए हैं, वे वाकई काबिले-तारीफ हैं। कठौंदा का यह प्लांट कचरे के सही निपटान के साथ-साथ ऊर्जा उत्पादन का एक बेहतरीन उदाहरण है। देश के अन्य शहरों को भी इससे सीख लेनी चाहिए।
एसटीपी प्लांट का भी किया मुआयना
कठौंदा प्लांट की सराहना करने के बाद केंद्रीय मंत्री ने शहर के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी अवलोकन किया और वहां उन्होंने जल शोधन की व्यवस्थाओं और प्लांट की क्षमता को देखा। पानी को रीसायकल कर उसे पुनः उपयोग में लाने के नगर निगम के प्रयासों की उन्होंने जमकर सराहना की एवं परिसर में एक पेड़ माॅं के नाम अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष
रिंकू विज, एमआईसी सदस्यश्रीमती रजनी कैलाश साहू, निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव इसके साथ ही नगर निगम के अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चैहान, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन, सहायक यंत्री राजेश खम्परिया, संजय सिंह, अभिनव मिश्रा,अंकुर नाग आदि उपस्थित रहे।



