जबलपुर-पुणे एवं जबलपुर-बांद्रा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों के नियमित संचालन का शुभारंभ

जबलपुर दर्पण। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत आज दिनांक 24 मई 2026 को जबलपुर रेलवे स्टेशन पर जबलपुर-पुणे (ट्रेन संख्या 20162/20161) एवं जबलपुर-बांद्रा (ट्रेन संख्या 20164/20163) साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों के नियमित संचालन के शुभारंभ अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं रेलवे अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग के माननीय कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह, माननीया राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीक, माननीय लोकसभा सांसद आशीष दुबे, विधायक पाटन अजय विश्नोई, विधायक कैंट अशोक रोहाणी, विधायक बरगी नीरज सिंह लोधी, विधायक सिहोरा संतोष वरकड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में रेलवे प्रशासन की ओर से मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद कुमार एवं दिनेश कुमार कलामे, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता सहित अन्य शाखा अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारियों ने सहभागिता की।
जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद आशीष दुबे ने संबोधित करते हुए कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व एवं रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव जी के मार्गदर्शन में भारतीय रेल निरंतर आधुनिक और यात्री सुविधाओं से समृद्ध हो रही है नई रेल सेवाओं के प्रारंभ होने से जबलपुर सहित महाकौशल क्षेत्र के यात्रियों खासकर विद्यार्थी एवं उनके परिजनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जबलपुर से पुणे एवं बांद्रा के लिए नियमित रेल सेवा प्रारंभ होने से यात्रियों को बेहतर एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध होगा तथा क्षेत्रीय विकास एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
जबलपुर रेल मंडल द्वारा आयोजित इस शुभारंभ समारोह में बड़ी संख्या में नागरिक, रेल उपभोक्ता एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



