करंजिया के गारकमट्टा में हुआ जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के करंजिया विकासखंड के ग्राम गारकमट्टा में प्रणाम नर्मदा युवा संघ द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्था से जुड़े इंटर्न्स द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा सर्पदंश से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करना था। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान मासिक धर्म को लेकर समाज में प्रचलित भ्रांतियों और संकोच पर खुलकर चर्चा की गई। उपस्थित महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित स्वच्छता सामग्री के उपयोग, संक्रमण से बचाव तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से उत्तर दिया गया, जिससे वे खुलकर अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त कर सकीं। साथ ही सर्पदंश जागरूकता सत्र में ग्रामीणों को विषैले एवं विषहीन सांपों की पहचान, सांपों के पर्यावरणीय महत्व तथा सर्पदंश की स्थिति में अपनाए जाने वाले सही प्राथमिक उपचारों के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक या अंधविश्वासों का सहारा लेने के बजाय पीड़ित को तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना चाहिए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच शुभाष धुर्वे, उपसरपंच जगदीश पेंड्रो, पंचायत सचिव मांती मरावी तथा प्रसिद्ध गोंड पेंटिंग कलाकार दुर्गेश मरावी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शानू वैष्णव गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर, सावित्री धुर्वे पं. शंभूनाथ विश्वविद्यालय, मध्यप्रदेश एवं लीपाक्षी शर्मा शासकीय होलकर विज्ञान महाविद्यालय, इंदौर द्वारा किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।



