हिंदी एवं भाषा विज्ञान विभाग में गुरु पर्व पर हुआ आयोजन

जबलपुर दर्पण। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के हिंदी एवं भाषा विज्ञान विभाग में गुरु पर्व का आयोजन संपन्न हुआ ।जिसमें विभाग के सभी शोधार्थियों ने गुरुओं का स्वागत, अभिनंदन करते हुए कविताएं एवं व्याख्यान की प्रस्तुति दी। आयोजन का श्री गणेश वेद मंत्रों के साथ सरस्वती पूजन से प्रारंभ हुआ ।उसके बाद शोधार्थी अमरकांत चौधरी के द्वारा स्वागत भाषण प्रस्तुत किया गया। आयोजन में प्रो. अरुण शुक्ला ने अपने उद्बोधन में भारतीय ज्ञान परंपरा में वेदांत में निहित शिक्षक और शिक्षा के महत्व को प्रकाश डालते हुए कहां की एक अच्छे शिक्षक से ही एक अच्छे समाज की परिकल्पना साकार हो पाती है। तथा डॉ. वंदना शुक्ला ने शिक्षक पर्व की महिमा का वर्णन करते हुए विद्यार्थियों के नैतिक कर्तव्य पर प्रकाश डाला। हिंदी एवं भाषा विज्ञान विभाग के विभाग अध्यक्ष प्रो.धीरेंद्र पाठक ने कहा की “जो रास्ता दिखाएं वही गुरु है” जन्म देने वाली मां से लेकर हमें उच्च शिखर तक पहुंचाने वाला हर व्यक्ति हमारा गुरु होता है जो हमारा मार्ग प्रशस्त कराता है। इस अवसर पर हिंदी एवं भाषा विज्ञान विभाग के सभी सहायक प्राध्यापक डॉ. विपुला सिंह , डॉ आशा रानी, डॉ स्वाति मिश्रा एवं डॉ राघवेंद्र सिंह ने भी आशीष वचन के रूप में अपने विचार व्यक्त किए। संपूर्ण आयोजन का संचालन शोधार्थी अजय मिश्रा के द्वारा किया गया तथा आभार शोधार्थी रंजना ब्रह्मवंशी के द्वारा ज्ञापित किया गया। आयोजन में विभाग के समस्त स्नातक, स्नातकोत्तर छात्र-छात्रा एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।



