नरसिंहपुर में एक लाख 18 हजार 337 घरों का हुआ सर्वे।
किल कोरोना के अभियान में सर्वे दल पहुंच रहे हैं घर- घर।
नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के उद्देश्य से पूरे प्रदेश के साथ- साथ जिले में भी स्पेशल फीवर स्क्रीनिंग का किल कोरोना अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 15 जुलाई तक चलेगा। अभियान के सुचारू संचालन के लिए जिले में 164 सर्वे टीम गठित की गई हैं।
कलेक्टर वेद प्रकाश ने किल कोरोना अभियान के दौरान किये जा रहे सर्वे कार्य और अन्य गतिविधियों की मॉनीटरिंग करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये हैं। इन निर्देशों के परिपालन में अधिकारियों द्वारा गांव- गांव में जाकर किल कोरोना अभियान के दौरान न केवल सर्वे की प्रगति की जानकारी ही ली जा रही है, बल्कि लोगों को कोरोना से बचाव के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। इस अभियान में आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सुपरवाईजर विभिन्न दलों के सहयोग से सर्वे एवं जांच का कार्य कर रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनयू खान एवं सिविल सर्जन डा अनिता अग्रवाल ने बताया कि किल कोरोना अभियान के लिए जिले में बनाई गई 164 सर्वे टीमों द्वारा अब तक एक लाख 18 हजार 337 घरों में सर्वे किया गया। अब तक सर्वे के दौरान जिले की 5 लाख 91 हजार 939 आबादी को कव्हर कर लिया गया है। अभियान में अब तक 356 लक्षण युक्त मरीजों की पहचान की गई है। इसमें कोविड- 19 के 126 संदिग्ध, मलेरिया के 85 और अन्य 2078 मरीज पाये गये हैं। इस दौरान 403 गर्भवती महिलाओं और 192 टीकाकरण से छूटे हुये बच्चों का सर्वे भी किया गया। इन बच्चों में 12 माह तक के बच्चे शामिल हैं।
अभियान के दौरान मॉनीटरिंग के लिए गांव में पहुंच रहे अधिकारी लोगों से आग्रह कर रहे हैं कि वे कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतें। सावधानी रखने से कोरोना से बचाव आसानी से हो सकेगा। लोगों को समझाइश दी जा रही है कि वे घर से बाहर निकलते समय मास्क जरूर लगायें, सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखें। एक- दूसरे से दो गज की दूरी रखें। साबुन- पानी से बार- बार हाथ धोते रहें। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जारी की गई गाइडलाइन का पालन करें। सेनेटाइजर का उपयोग करें।
इसी क्रम में जिला मलेरिया अधिकारी केएस राजपूत ने पहले करेली विकासखंड ग्राम देवाकछार में किल कोरोना अभियान के सर्वे कार्य का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने करेली विकासखंड के ग्राम सिमरियाकलां में सर्वे दलों से अभियान की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने लोगों को कोरोना से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने डेंगू एवं मलेरिया रोग के उपचार के बारे में भी बताया। उन्होंने सिमरियाकलां में लार्वा वाले स्थानों का मुआयना भी किया।



