मण्डला दर्पणमध्य प्रदेश

तुम जमीं पे जुल्म लिखो हम आसमां पे इंकलाब लिखेंगेःपट्टा

हजारों किसानों की मौजूदगी में आयोजित हुआ कांग्रेस का किसान बचाओ आंदोलन

मण्डला। मोदी सरकार द्वारा लाये गए कृषि संबंधी विधेयकों के खिलाफ पूरे देश में किसानों ने आंदोलन चक्काजाम शुरु कर दिया है। किसानों के इन आंदोलनों प्रदर्शनों में कंधे से कंधा मिलाकर कांग्रेस पार्टी ने भी जमीन पर आरपार की लड़ाई शुरू कर दी है। शनिवार को जिले के सबसे समृद्ध किसानी क्षेत्र अंजनियाँ में कांग्रेस विधायक नारायण सिंह पट्टा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व किसानों ने मिलकर किसान बचाओ आंदोलन किया। इस आंदोलन में जुटी भीड़ ने कृषि विधेयकों को लेकर किसानों के आक्रोश को साफ तौर पर जाहिर किया है।
ट्रैक्टर रैली के साथ पहुंचे आंदोलन स्थल-आंदोलन स्थल पहुंचने के पूर्व अंजनियाँ बायपास से मुख्य बाजार स्थल तक ट्रैक्टर रैली निकाली गई जिसमें बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष एड राकेश तिवारी ने खुद ट्रैक्टर चलाकर रैली निकाली और कृषि विधेयकों के विरोध में जोरदार नारेबाजी की गई।
हम आसमां पे इंकलाब लिखेंगे-आंदोलन स्थल में पहुंचने के बाद हल और खेत की मिट्टी के पूजन के साथ ही सभा आरंभ की गई। जिसे संबोधित करते हुए बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा ने कहा कि जो किसान देश का पेट भरते हैं उस अन्नदाता को देश की सरकार उद्योगपतियों पूंजीपतियों के गुलाम बनाना चाहती है इससे ज्यादा शर्मनाक बात और कुछ हो नहीं सकती। जिस तरह बीएसएनएल को कमजोर करके पहले जिओ को लाया गया फिर एक साल जिओ ने मुफ्त सेवा देकर ग्राहक बनाये और फिर उसके बाद मनचाही वसूली चालू कर दी गई, उसी तरह ये कृषि विधेयक भी जिओ की तरह ही उद्योगपतियों पूंजीपतियों को बढ़ाने के लिए लाए गए हैं। न्यूनतम समर्थन मूल्य की व्यवस्था को कमजोर करने के लिए पहले तो किसानों को ज्यादा दाम देकर लुभाया जाएगा और फिर धीरे से न्यूनतम समर्थन मूल्य की मंडी या खरीदी केंद्रों वाली खरीद बंद करके किसानों को औने पौने दामों में अपनी उपज बेचने के लिए मजबूर किया जाएगा। लेकिन हम सरकार के इन मंसूबो को कामयाब नहीं होने देंगे। देश भर में हमारे किसान भाई प्रदर्शन करने में जुट गए हैं हम भी अपनी पूरी ताकत लगाकर इसका विरोध कर रहे हैं। हमारे विरोध को दबाने के लिए सरकार पुलिस बल का सहारा ले रही है लेकिन मोदी सरकार एक बात समझ ले, तुम जमीं पे जुल्म लिखो हम आसमां पे इंकलाब लिखेंगे। अपनी अंतिम सांस तक हम किसानों की लड़ाई लड़ते रहेंगे। वहीं सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष एड राकेश तिवारी ने कहा कि किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और किसानों को बर्बाद करने का मतलब देश को बर्बाद करना होगा, हम ऐसा कतई नहीं होने देंगे, पूंजीवादी व्यवस्था को किसानों का शोषण नहीं करने देंगे। लोकसभा अध्यक्ष अभिनव चौरसिया ने कहा कि हमारे कृषि प्रधान देश मे किसानों के साथ अन्याय हम नहीं होने देंगे। किसान हमारे देश की आत्मा हैं और मोदी सरकार देश की इस आत्मा को छेड़कर अपनी बर्बादी के रास्ते खोल चुकी है। प्रदेश महामंत्री देवेंद्र तेकाम ने कहा कि कृषि विधेयकों में न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी का न होना ही इसे किसान विरोधी बनाता है। मंडी व्यवस्था खत्म करके किसानों को बर्बाद करना चाहती है मोदी सरकार। इस दौरान कमल सिंह मरावी, चैनसिंह वरकड़े, रागिनी परते, रेवाराम साहू सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
किसान ऋण माफी बुकलेट हुई जारी-कमलनाथ सरकार के द्वारा की गई किसानों की ऋण माफी को लेकर वर्तमान भाजपा सरकार पहले तो कर्ज माफी नहीं होने का दावा करती रही लेकिन हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा सत्र में एक सवाल के जबाब में सरकार ने यह माना है कि प्रदेश के 26 लाख से भी अधिक किसानो का 11 हजार करोड़ से भी अधिक राशि का कर्ज कमलनाथ सरकार द्वारा माफ किया गया है। इसी जानकारी को लेकर बिछिया विधानसभा के विधायक नारायण सिंह पट्टा ने अपनी बिछिया विधानसभा के कर्जमाफी विवरण की पुस्तक को जनता के सामने प्रस्तुत कर इसका विमोचन किया। उन्होंने कहा कि हर गांव के हर कर्जदार किसान का कर्ज हमारी सरकार ने माफ किया है और तीसरे चरण में शेष सभी किसानों का कर्ज माफ किया जाने वाला था लेकिन लोकतंत्र पर कालिख पोतते हुए भाजपा और चंद गद्दारों ने हमारी किसान हितैषी सरकार को गिरा दिया। सभा के अंत मे राष्ट्रपति व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ो की संख्या में किसानों व आम नागरिकजनों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली। सभा मे मंच संचालन कवींद्र पटेल व समीर झा ने किया एव कार्यक्रम के अंत मे आभार प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस अंजनियाँ के अध्यक्ष विनोद पटेल ने किया।
ये रहे उपस्थित-इस दौरान बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा, प्रदेश महासचिव देवेंद्र तेकाम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष एड राकेश तिवारी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रागिनी परते, युवक कांग्रेस लोकसभा अध्यक्ष अभिनव चौरसिया, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अखिलेश ठाकुर, सेवादल जिलाध्यक्ष जीतराज कछवाहा, राजेश्वरी मनोटिया, समीर राठौर, चैन सिंह वरकड़े, कमल सिंह मरावी, रेवाराम साहू, नीलू शुक्ला, शकुन जंघेला, रेखा परते, संतोषी मोंगरे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गोस्वामी, विनोद पटेल, रानू हरदहा, युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष कवींद्र पटेल, नंदू भाईजान, विक्रम सिन्हा, कुलदीप कछवाहा, दुर्गेश झारिया सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी कार्यकर्ता व किसान बंधु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page