पंचायत में सांठगांठ से हुई भ्रष्टाचार कि नहीं हो रही जांच

- सड़क निर्माण की राशि को हजम कर गए हैं पंचायत कर्मी।
समनापुर जनपद के खाम्हा में तत्कालीन सरपंच,सचिव का काला कारनामा।
डिंडोरी दर्पण ब्यूरो। ग्राम पंचायत खाम्हा में सांठगांठ से की गई भ्रष्टाचार की जांच करने जिम्मेदार अधिकारी अभी तक कोई पहल नहीं कर रहे हैं। गौरतलब है कि ग्राम पंचायत स्तर पर जिले भर में भ्रष्टाचार करने के कई मामले इससे पहले भी सामने आ चुके हैं, जहां बिना निर्माण कार्य करवाए ही जिम्मेदारों द्वारा मनमानी पूर्वक राशियों का आहरण कर लिए गए हैं, जहां कई निर्माण कार्य आज भी अधूरे हैं,जबकि पंचायतों द्वारा निर्माण कार्य को पूरा बताकर राशियों का बंटाधार कर दिया जाता है। जनपद व जिले में बैठे जिम्मेदार अधिकारीयों तक मामला संज्ञान में आने के बाद भी पंचायत प्रतिनिधियों पर ठोस कार्यवाही नहीं की जा रही, जिससे पंचायत कर्मियों के हौसले बुलंद हैं और भ्रष्टाचार करने के नए नए मामले हर दिन सामने आ रहे हैं। ताजा मामला समनापुर जनपद अंतर्गत खाम्हा ग्राम पंचायत में सामने आया है जहां सीसी सड़क निर्माण के नाम पर ₹531000 की राशि निकाल ली गई है, और निर्माण कार्य को पूरा आज तक नहीं किया गया, जबकि ग्रामीण आज भी पक्की सड़क बनने का इंतजार कर रहे हैं।
- मार्ग पर बिखरे पड़े हैं बड़े-बड़े पत्थर। बताया गया कि खाम्हा गांव के मुख्य मार्ग से छिंदहा टोला तक पहुंचने वाली बहूउपयोगी मार्ग है,जहां हर दिन सैकड़ों परिवारों का आवागमन होता है, उस मार्ग पर बड़े-बड़े बोल्डर पत्थर बिखरे पढ़े हुए हैं, जिससे मार्ग पर पैदल चलना भी मुश्किल होता है। इसी मार्ग में सीसी सड़क निर्माण कराए जाने के नाम पर पंचायत के जिम्मेदारों द्वारा साल 2016-17 में लाखों रुपए की राशि निकाली गई और मार्ग को अधूरा छोड़ दिया गया जबकि पूरा कराने अभी तक कोई पहल नहीं की जा रही जिससे स्थानीय ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है।
- नाममात्र 20 मीटर सीसी सड़क का हुआ है निर्माण वर्ष 2016-17 में पंच परमेश्वर योजना के तहत 105 मीटर सीसी सड़क निर्माण कार्य के नाम पर पंचायत के सरपंच ,सचिव द्वारा लगभग ₹531000 की राशि निकाल ली गई। गौरतलब है कि इन्हीं राशियों से ग्राम पंचायत भवन से नदी तक सीसी सड़क निर्माण का कार्य किया जाना था, लेकिन केवल लगभग 20 मीटर सड़क बनाकर खानापूर्ति कर दी गई और वर्षों से सड़क अधूरा पड़ा हुआ है।जबकि उन्ही जर्जर व कच्ची मार्गों से आवागमन करने में स्थानीय ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है, बावजूद सीसी सड़क निर्माण कार्य को पूरा कराए जाने अभी तक पंचायत के जिम्मेदारों द्वारा कोई पहल नहीं की जा रही, जिस पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की गई है।
- फर्जी बिल लगाकर निकाली गई राशि
पंच परमेश्वर योजना से 105 मीटर की सीसी सड़क निर्माण व नाली निर्माण का कार्य कराया जाना था, जिसमें केवल खानापूर्ति के लिए लगभग 20 मीटर सड़क की बनाई गई, बाकी राशियों को फर्जी बिल लगाकर आहरण कर लिया गया। बताया गया कि मटेरियल सप्लायर वीरेंद्र, पार्वती व हेम सिंह के नामों के फर्जी बिल लगाकर लाखों रुपए का फर्जी भुगतान कर दिया गया, जबकि जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य हुआ ही नहीं है।बताया गया की ग्राम पंचायत द्वारा आए दिन निर्माण कार्यों के नाम पर मनमानी पूर्वक राशि निकाली जाती है, जबकि निर्माण कार्यों को खानापूर्ति करने तक ही सीमित रखा जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने जांच कराकर जिम्मेदारों खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की गई है।
इनका कहना है…
चार वर्षों से अधूरा मार्ग को पूरा नहीं कराया जा रहा, जबकि फर्जी बिल लगाकर पैसे निकाल ली गई है।जिसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन में की गई है, लेकिन कार्यवाही अभी तक नहीं की गई।
मुकेश सिंह राठौर
स्थानीय ग्रामीण।



