कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से सुनी जन समस्याएं

ई-जनसुनवाई में आए 124 आवेदन, 28 आवेदनों का त्वरित निराकरण
मण्डला। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से नंदराम मवई एवं पौंड़ीमाल बीजाडांडी के निवासियों से चर्चा करते हुए उनकी समस्याएं सुनी। ई-जनसुनवाई में कुल 124 आवेदकों ने कलेक्टर को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्रत्येक आवेदकों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। आज संपन्न हुई ई-जनसुनवाई में 28 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से की गई इस जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत तन्वी हुड्डा, संबंधित एसडीएम सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी सम्मिलित हुए।
ई-जनसुनवाई में पौंड़ीमाल से चौरई ग्राम के निवासियों ने पुलिया निर्माण की मांग की जिस पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को स्थल परीक्षण कर अभिमत सहित प्रतिवेदन भेजने के निर्देश दिए हैं। पौंड़ी रैयत के निवासियों द्वारा नलजल योजना बंद होने की जानकारी दिए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कारण पूछते हुए जल्द ही नलजल योजना प्रारंभ करने के निर्देश दिए। भिलवा टोला में विद्युत खम्भे कई वर्ष पूर्व लगाए गए हैं किन्तु लाईन नहीं लगाई गई है जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार नंदराम मवई में निराश्रित पेंशन अस्वीकृत किए जाने के मामले पर कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत को जांच कर संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही करने तथा पात्र हितग्राहियों की पेंशन तत्काल स्वीकृत करने के निर्देश दिए। कपिलधारा कूप की मांग किए जाने पर कलेक्टर ने पात्रतानुसार मौके पर ही स्वीकृति आदेश जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का निराकरण कर पालन प्रतिवेदन के साथ मूल आवेदन जिला पंचायत भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन पर की गई कार्यवाही से संबंधित आवेदक को अवगत कराया जाए।
प्रत्येक पात्र हितग्राही को प्रदान करें पात्रता पर्ची
जनसुनवाई के दौरान खाद्यान्न नहीं मिल पाने की बात सामने आने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि पूर्व के माहों में जिन परिवारों को पात्रता पर्ची से खाद्यान्न मिलता था और वर्तमान में नहीं मिल रहा है दोनों स्थितियों का अंतर निकालकर वंचित परिवारों को नियमानुसार पात्रता पर्ची दिलाए जाने के लिए ऑनलाईन आवेदन कराए जाएं। निवास, बीजाडांडी एवं नारायणगंज विकासखंडों में खाद्यान्न के कम वितरण पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी से प्रश्न किए। उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी एवं एसडीएम निवास को जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
28 आवेदन मौके पर निराकृत
मवई विकासखंड के ग्राम नंदराम में आयोजित ई-जनसुनवाई में कुल 100 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 28 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। मनरेगा के 11, पेंशन संबंधी 8, प्रधानमंत्री आवास के 5, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के 2 तथा सीसी सड़क निर्माण से संबंधित एक तथा खाद विभाग से संबंधित एक आवेदन का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों का निराकरण जांच के उपरांत किया जाएगा जिनके लिए कलेक्टर द्वारा समय-सीमा निर्धारित की गई। बीजाडांडी विकासखंड के ग्राम पौंड़ीमाल में आयोजित ई-जनसुनवाई में कुल 24 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जांच के उपरांत इन आवेदनों का निराकरण किया जाएगा।



