जिले में 23 सितम्बर को राष्ट्रीय कृमिनाशन दिवस मनाया जाएगा

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर नेहा मारव्या के मार्गदर्शन में जिले में 23 सितम्बर 2025 को राष्ट्रीय कृमि नाशन दिवस एवं 26 सितम्बर 2025 को मॉप-अप दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान जिले के 0 से 19 वर्ष के कुल 2,95,916 बालक/बालिकाओं तथा 20 से 49 वर्ष तक की 52,799 सामान्य महिलाओं को कृमिनाशक दवा दी जाएगी। एक वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को 400 मि.ग्रा. की एल्बेंडाजोल गोली चबाकर या निगलकर साफ पानी के साथ खिलाई जाएगी, वहीं 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को गोली की आधी चूरा करके घोलकर दी जाएगी। साथ ही 2 से 3 वर्ष तक के बच्चों को 400 मि.ग्रा. की पूरी गोली चूरा करके साफ पानी के साथ एवं 3 से 19 वर्ष एल्बेंडाजोल 400 मि.ग्रा. की पूरी गोली चबाकर साफ पानी के साथ खिलाया जाए। अभियान के अंतर्गत शासकीय, अशासकीय, आदिवासी आश्रम शालाओं, आंगनवाड़ी केन्द्रों तथा अन्य चिन्हित संस्थानों में भी बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि यह दवा खाली पेट भी दी जा सकती है। यदि किसी बच्चे ने 6 माह के भीतर यह दवा ली है तो उसे दोबारा न दें तथा जो बच्चे नियमित दवा ले रहे हैं, उन्हें भी यह दवा नहीं दी जाए। कलेक्टर ने जिले के समस्त आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं स्कूलों में 23 सितम्बर 2025 को शत प्रतिशत बच्चों को कृमिनाशक दवा दिलवाने के निर्देश दिये हैं।



