बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य अधूरा, पूरी बताकर निकाली गई लाखों की राशि

डिंडोरी जनपद के ग्राम पंचायत सारंगपुर पड़रिया का मामला।
डिंडोरी दर्पण ब्यूरो। डिंडोरी जिले के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सारंगपुर पड़रिया में माध्यमिक शाला एवं हाई स्कूल ग्राउंड में बाउंड्री वाल निर्माण कार्य के नाम पर सरपंच,सचिव व उपयंत्री द्वारा सांठगांठ करते हुए लाखों रुपए की राशि का गबन मनमानी पूर्वक किया गया है। बताया गया कि सारंगपुर पड़रिया में स्थित शासकीय माध्यमिक शाला एवं पड़रिया स्कूल में वर्ष 2017 में पंचायत के द्वारा जनभागीदारी योजना से बाउंड्री वाल का निर्माण किया जाना प्रस्तावित था, जिसमें सरपंच सचिव एवं उपयंत्री द्वारा सांठगांठ से वर्ष 2018 में बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य पूरी बता कर राशि का आहरण कर लिया गया और बाउंड्री वाल के निर्माण कार्य को अधूरा छोड़ दिया गया। मामले को लेकर माध्यमिक शाला में पदस्थ शिक्षक के द्वारा बताया गया कि मेरे द्वारा संकुल स्तर से कई बार शिकायत की गई ,लेकिन आज तक बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य को पूरा कराने कोई कार्रवाई नहीं की गई।
अधूरा निर्माण कार्य से असामाजिक तत्वों का रहता है डेरा।
बताया गया कि शासकीय स्कूल में बाउंड्री वाल का निर्माण कार्य अधूरा होने से असामाजिक तत्वों का डेरा स्कूल भवन के आसपास बना रहता है, बावजूद अधूरा निर्माण कार्य को पूरा कराए जाने कोई पहल नहीं की जा रही। गांव के लोगों का कहना है कि हमारे द्वारा कई बार लिखित शिकायत की गई, लेकिन जनपद स्तर या जिला स्तर से कोई भी आला अधिकारी जांच करने नहीं आए।माध्यमिक शाला की बाउंड्री वॉल पूरी नहीं होने से स्कूल परिसर में लगाई जाने वाले पेड़ पौधे, हरी-भरी सब्जियां, मां की बगिया व अन्य को असामाजिक तत्व क्षति पहुंचा रहे हैं, आवारा पशुओं के द्वारा भी नुकसान किया जा रहा है।निर्माण कार्य अधूरा को पूरा करने की मांग स्थानीय लोगों द्वारा लम्बे समय से की जा रही है, बावजूद निर्माण कार्य को पूरा कराए जाने जिम्मेदारों द्वारा कोई पहल नहीं की जा रही।



