रपटा घाट में 7 को सद्भावना महोत्सव

तमाम प्रतिभाओं को भी सामने आने का मिलेगा अवसर
मंडला। नगर के नर्मदा पावन तट रपटा घाट टीन शैड में रविवार 7 फरवरी को सद्भावना महोत्सव का आयोजन शांति सद्भावना मंच जोन मंडला के आवाहन पर आयोजित किया जाना है। शांति सद्भावना मंच जोन मंडला कोऑर्डिनेटर पी.डी. खैरवार ने जानकारी दी है,कि भारतीय सामाजिक संस्थान नई दिल्ली के द्वारा प्रायोजित इस आयोजन में विभिन्न समुदायों, विभिन्न वर्गों और विभिन्न विचारों के द्वारा सतत् जारी सामूहिक प्रयासों को एक सूत्र में पिरोकर आगे गति दिये जाने सामूहिक विचार किया जायेगा।एक व्यक्ति से लेकर परिवार, समाज, राष्ट्र और संपूर्ण विश्व में स्थाई शांति सद्भावना की संभावनाओं पर गहन परिचर्चा की जायेगी।इस परिचर्चा विचार मंथन से प्राप्त निर्णय पर अमल करते हुए संभावित सामूहिक प्रयास को आगे बढ़ाया जायेगा।इस मुख्य उद्देश को लेकर 7 फरवरी 2021 दिन रविवार को रपटा घाट टीन शैड में सद्भावना महोत्सव का आयोजन रखा गया है।जिसमें स्थाई शांति सद्भावना को लेकर विभिन्न धर्मों , जातियों, समुदायों तथा विचारों के दर्शक,श्रोता,वक्ता और जिज्ञासु महिला पुरुष बच्चे आदि के साथ साथ गीत संगीत गायन ड्रामा तथा अन्य कलाओं के शौकीन किशोर किशोरियां व सभी उम्र के कलाकारों के साथ साथ पत्रकार बंधुओं,समाज सेवियों से दोपहर 12 बजे पहुंचने की अपील की गई है।आगे यह भी बताया गया है,कि इस आयोजन में जन जागरूकता से ओतप्रोत संगीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। समाज की तमाम छिपी प्रतिभाओं को सामने लेकर आने की भी कोशिश रहेगी।इस कार्यक्रम की संयोजक कड़ी के रूप में नमामि आर्ट फाउंडेशन एवं इनरवॉइस ग्रुप मंडला की मुख्य भूमिका होगी।



