ढाई लाख बकाया होने पर पंचायत के पंपहाउस की कटी बिजली, पेयजल के लिए परेशान हो रहे ग्रामीण

रीठी जनपद की ग्राम पंचायत बड़गांव का मामला

कटनी/रीठी दर्पण। रीठी जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाली दूसरी सबसे बड़ी ग्राम पंचायत बड़गांव में इन दिनों पेयजल के लिए हा-हाकार मचा हुआ है ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। बताया गया कि पहले जहां एक नलजल योजना से तीन-चार दिन में मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति होती थी जिससे ग्रामीणों को काफी हद तक सहूलियत होती थी। लेकिन बिजली बिल बकाया होने के कारण अब नल-जल योजना पूरी तरह ठप हो गई है। इस बारे में स्थानीय निवासी चरण दास, बृजकिशोर, मोहन, रामलाल, आदि ने बताया कि ग्राम पंचायत बड़गांव मे दो नलजल योजनाएं संचालित हैं। लेकिन बिजली बिल बकाया होने के कारण पंचायत के पंपहाउस की बिजली कट गई है, जिसके चलते अब दोनों नलजल योजना बंद पड़ी हैं। जिस पर ग्राम पंचायत ध्यान नहीं दे रही है और ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है।



