परिवार की सहायता करने पीड़ित के घर पहुंचे कोतवाली प्रभारी

कोतवाली थाना क्षेत्र के छांटा गांव में हुआ था दर्दनाक हादसा।
डिंडोरी दर्पण । कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत छांटा में शुक्रवार की शाम पंछु बैगा नामक व्यक्ति तालाबनुमा गड्ढे में डूब गया था, जिसका शव शनिवार की दोपहर पानी से बरामद किया गया।दर्दनाक मौत की विवेचना के दौरान शनिवार को कोतवाली प्रभारी सिके सिरामे मृतक के घर पहुंचे, जहाँ पाया कि शोकाकुल परिवार की माली हालत काफी कमजोर है जिसे देख थाना प्रभारी काफी दुखित हुए।जानकारी अनुसार मजदूरी करने वाले पंछु के घर में खाने पीने तक का जुगाड़ मुश्किल है। जिससे व्यथित कोतवाली प्रभारी सीके सिरामे ने रविवार को समुचित राशन खरीदा और स्वयं पहुंच कर शोकाकुल परिवार को प्रदान किया । पुलिस के इस मानवीय चेहरे पर पंछु की पत्नी और बेटे सुखराम ने आभार जताया है। इस दौरान प्रधान आरक्षक केके श्रीवास, विकास सूर्या, चालक मनोज कुंजाम मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक संजय सिंह,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल ने अमले का हौंसला बढ़ाते हुये भविष्य में भी जरूरतमंदों के सहयोग करने के लिए प्रेरित कर उत्साह वर्धन किया है।



