मंडला जिले में 04 उर्जा महिला हेल्प डेस्क का हुआ शुभारंभ

मंडला। म.प्र.का आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला में नारी शक्ति महिला को सशक्त बनाने व न्याय दिलाने के लिए 04 ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया। कोतवाली मंडला परिसर में ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क का उद्घाटन मंडला जिले के पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के द्वारा किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह कंवर, एसडीओपी नीरज कुमार,कोतवाली थाना प्रभारी निलेश दोहरे व पुलिस विभाग का अमला एवं महिला सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। नवनिर्मित संचालित उर्जा महिला हेल्प डेस्क की कमान प्रभारी के रूप में श्रीमती मधु मेरावी को सौंपी गई हैं। श्रीमती मेरावी की सहयोगी के रूप में प्रधान आरक्षक विभा खान, प्रधान आरक्षक महावती मरावी,महिला आरक्षक ज्योति व्याम व अन्य 03 महिला आरक्षक को पदस्थ किया गया हैं। निश्चित रूप से ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क की शुरुआत होने से महिलाओं के ऊपर हो रहे घरेलू हिंसा,अत्याचार के खिलाफ नारी शक्तियों को न्याय मिलेगा। किसी भी क्षेत्र में महिलाओं के साथ शोषण अत्याचार की खबरें अक्सर टीवी चैनलों व अखबारों में देखने और पढ़ने को मिलती हैं। म.प्र. सरकार के द्वारा ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क की शुरुआत करने से काफी हद तक महिलाओं के ऊपर हो रहें अत्याचार के खिलाफ न्याय मिलेगा। मंडला जिले में मंडला कोतवाली के अलावा पुलिस थाना महाराजपुर,पुलिस थाना बम्हनी बंजर,पुलिस थाना नैनपुर में भी ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क की शुरुआत की गई हैं।



