स्कूल मार्ग को व्यवस्थित करने व कोविड वैक्सीनेशन की कलेक्टर ने टीएल बैठक में की समीक्षा

अनूपपुर जिले के शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी स्कूलों के पहुँच मार्गों को सुव्यवस्थित करने ग्राम पंचायतों के माध्यम से प्रावधानित ग्रेवल मार्ग बनाया जाना सुनिश्चित किया जाये। ऐसे स्कूलों का चिन्हांकन किया जाये, जहाँ पहुँच मार्ग सुव्यवस्थित नही है। उक्ताशय के निर्देश कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री सोनिया मीना ने कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित टी.एल. की बैठक में दिये। उन्होंने शिक्षा विभाग, जनजाति कार्य विभाग व सर्व शिक्षा अभियान का आकलन कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।
अधिकारियों से विभागवार समीक्षा करते हुए शिकायतों के निराकरण की कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी शिकायती प्रकरणों को स्वयं देखें तथा निराकरण में प्रगति लाएं, ताकि प्रदेश स्तर की रैंकिंग निर्धारण से जिले की छवि पर कोई विपरीत प्रभाव परिलक्षित न हो। कलेक्टर ने कहा कि एक सप्ताह में लंबित शिकायतों की संख्या में कमी नहीं आई तो विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदार माना जायेगा।
*टीएल पत्रों का करें निराकरण*
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर मीना सिंह ने लंबित टीएल पत्रों का निराकरण करने अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में विभागवार समीक्षा के दौरान लंबित टीएल प्रकरण में कार्यवाही सुनिश्चित नहीं करने पर जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री को शोकॉज नोटिस देने के निर्देश दिये कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को टीएल प्रकरणों में विशेष रुचि लेकर निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय-सीमा पत्रों की लंबित स्थिति स्वीकार योग्य नहीं है।
लक्ष्य अनुरूप हो धान मिलिंग
अनूपपुर कलेक्टर सुश्री मीना ने टी.एल. बैठक में धान मिलिंग की समीक्षा करते हुए वेयर हाउस के अधिकारियों को मिलिंग के कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि धान मिलिंग के लक्ष्य अनुरूप प्रगति परिलक्षित नहीं होने से जिले की रैंकिंग प्रभावित हो रही है। उन्होंने मिलरों द्वारा धान मिलिंग के कार्य में लापरवाही बरतने पर अनुशानात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए।
*प्रतिमाओं के विसर्जन की हो मॉनीटरिंगए* कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने टीएल बैठक में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु स्थलों के चिन्हांकन के अनुरूप निर्धारित स्थल पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि इस हेतु अनुविभागीय दण्डाधिकारी, जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरीय क्षेत्रों में मुख्य नगरपालिका अधिकारी मानीटरिंग सुनिश्चित कर निर्धारित किए गए स्थलों, कुण्डों में ही दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन सुनिश्चित करायें। इस हेतु समिति सदस्यों से चर्चा भी की जाए।
*विद्युत समस्या का त्वरित हो निदान*
अनूपपुर कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने टीएल बैठक में जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ एवं जिले के अन्य अंचलों से विद्युत अवरोध की मिल रही शिकायतों पर त्वरित निदान की कार्यवाही करने के निर्देश विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री को दिये। उन्होंने कहा कि लगातार नागरिकों, जनप्रतिनिधियों से विद्युत अवरोध की शिकायतें प्राप्त हो रही है। विद्युत विभाग विद्युत संबंधी समस्याओं का त्वरित निदान सुनिश्चित कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, एसडीएम पुष्पराजगढ़ और कोतमा अभिषेक चौधरी, एसडीएम अनूपपुर कमलेष पुरी, एसडीएम जैतहरी विजय डेहरिया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।



