सात रक्षा कंपनियाँ राष्ट्र को समर्पित

जबलपुर दर्पण। विजयदशमी के पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डी.आर.डी.ओ भवन, नई दिल्ली से 07 नई रक्षा कंपनियाँ विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्र को समर्पित की। जबलपुर की सभी आयुध निर्माणीयाँ ऑनलाइन द्वारा इस कार्यक्रम में शरीक हुई। ग्रे आयरन फाउंड्री जबलपुर यंत्र इंडिया लिमिटेड की ईकाई में आयोजित कार्यक्रम में सुबह अजय सिंह, महाप्रबंधक द्वारा कर्मचारियों एवं अधिकारियों की उपस्थिती में शस्त्र पूजा की गई। सुबह 11.00 बजे डी.आर.डी.ओ भवन, नई दिल्ली से कार्यक्रम का विडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रसारण शुरु हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह द्वारा शस्त्र पूजा से हुआ। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह एवं रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने अपने उद्बोधन में आयुध कर्मचारियों को विजयदशमी की बधाई देते हुए आश्वस्त किया कि नई रक्षा कंपनियों में कर्मचारियों के हितों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। प्रधानमंत्री द्वारा विजयदशमी पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा गया कि 07 नई रक्षा कंपनियो बनाने का उद्देश्य भारत को आयुध के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। गुणवत्ता एवं विश्वनीयता नई रक्षा कंपनियों की पहचान होनी चाहिए तथा अन्वेषण एवं नवीनता कार्य संस्कृति होनी चाहिए। धन्यवाद प्रस्ताव के पश्चात कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।



