25 मार्च से 22 मई तक समर्थन मूल्य पर होगी गेहूं की खरीदी 25 मार्च से 22 मई तक समर्थन मूल्य पर होगी गेहूं की खरीदी
बालाघाट: किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम दिलाने एवं उन्हें बिचौलियों एवं दलालों के शोषण से बचाने के लिए चालू वर्ष में भी किसानों से शासन द्वारा घोषित समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की जायेगी। समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी आगामी 25 मार्च से प्रारंभ की जायेगी और वह 22 मई 2020 तक चलेगी।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एस एच चौधरी ने बताया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी 25 मार्च 2020 से प्रारंभ हो रही है। समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी के लिए जिले में कुल 27 केन्द्र बनाये गये है। इन केन्द्रों में गोंगलई-बालाघाट, लांजी, वारासिवनी, वारासिवनी-वारा, कटंगी में दो केन्द्र, परसवाड़ाघाट, महकेपार, बिरसा, परसवाड़ा, बघोली, उकवा, बैहर, मोहगांव, गढ़ी, लामता, गुडरू, ददिया, मिरगपुर, आरंभा, दमोह, नेवरगांव-ला, जाम-लाल., डोकरबंदी, किन्ही-खैरलांजी एवं कटोरी शामिल है।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री चौधरी ने बताया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी के लिए इस वर्ष जिले के 11 हजार 544 किसानों का पंजीयन किया गया है। इस वर्ष किसानों से गेहूं समर्थन मूल्य 1925 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जायेगा। गेहूं की खरीदी सप्ताह में 05 दिन अर्थात सोमवार से शुक्रवार तक की जायेगी। समर्थन मूल्य पर गेहूं के उपार्जन के लिए जिले में बारदाने की 04 हजार गठानें उपलब्ध है। जिले में स्थित गोदामों में 10 हजार मेट्रिक टन गेहूं के भंडारण की क्षमता है। जिले में पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) के लिए 42 हजार मेट्रिक टन गेहूं की आवश्यकता होती है। गत वर्ष जिले में 5726 किसानों से 12 हजार 672 मेट्रिक टन गेहूं का समर्थन मूल्य पर उपार्जन किया गया था।



