रामघाट लक्ष्मण मड़वा में आयोजित, भागवत महापुराण का समापन

विधी-विधान से पूजा पाठ के बाद हुआ हवन, नर्मदा तट में चला विशाल भंडारा
डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो।जिले के डिंडोरी जनपद क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध राम घाट लक्ष्मण मड़वा में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण का समापन कल रविवार को हवन एवं विशाल भंडारे के साथ किया गया। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह से नर्मदा तट के किनारे दक्षिण क्षेत्र लक्ष्मण मड़वा में संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण का आयोजन चल रहा है। बताया गया कि प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर शंकराचार्य के आश्रम में कथा वाचक वृंदावन वासी ब्रम्हचारी आशुतोष चैतन्य जी महाराज के मुखारविंद से संगीतमय कथा का वाचन करवाया जा रहा है। जानकारी में बताया गया कि नौ दिवसीय भागवत महापुराण का श्रवण करने आसपास गांवों से हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच कर धर्म लाभ ले रहे थे। भागवत महापुराण के आयोजन में हर दिन कथा वाचक द्वारा भगवान के सुंदर लीलाओं का वर्णन किया जा रहा था, जहां कथा के प्रसंगों में श्री कृष्ण के लीलाओं का वर्णन सुनकर मौजूद श्रद्धालुओं मंत्रमुग्ध हो रहे थे। भागवत कथा का श्रवण करने हर जिले भर से बड़ी संख्या में पुरूष, महिलाएं सहित युवा पहुंच कर धर्म ले रहे थे। कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति द्वारा आयोजन स्थल में ही हर दिन भंडारा भी कराया जा रहा था। पिछले दिनों मकर संक्रांति के पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। कल रविवार को विशाल भंडारा के दौरान सैकड़ों की संख्या में जिले भर से श्रद्धालुओं ने पहुंचकर धर्म लाभ लिया।



