सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता से करें : कलेक्टर

कलेक्टर ने तहसीलदार डिंडौरी और सीईओ करंजिया को नोटिस जारी करने के दिए निर्देश
डिंडौरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। जिला कलेक्टर रत्नाकर झा ने मुख्यकार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत करंजिया बी.एस. मरावी और तहसीलदार डिंडौरी बिसन सिंह ठाकुर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं, उन्हें उक्त नोटिस सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बतरने के कारण दिया जा रहा है। कलेक्टर श्री झा ने कहा कि सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का निराकरण संतुष्टिपूर्ण लेवल-1 एवं लेवल-2 पर ही करना सुनिश्चित करें, सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में उक्त निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा, मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंजू अरूण कुमार, एसडीएम शहपुरा काजल जावला, डिप्टी कलेक्टर रजनी वर्मा, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग डॉक्टर संतोष शुक्ला, जिला योजना अधिकारी ओ.पी. सिरसे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर. रमेश मरावी, जिला समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान राघवेन्द्र मिश्रा, एलडीएम मोहन चौहान, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र दिनेश बरकड़े सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने उपार्जन केन्द्रों में किसानों के धान लगातार क्रय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने अपना धान, उपार्जन केन्द्रों तक नहीं लाए हैं, उन्हें एसएमएस भेजा जाए, जिससे वे निर्धारित तिथि तक उपार्जन केन्द्र में लाकर धान बेच सकें, तथा किसानों को उनके उपार्जन का नियमित रूप से भुगतान भी किया जाए। कलेक्टर श्री झा ने धान खरीदी केन्द्रों में उपार्जन किये गए धान का नियमित रूप से परिवहन करने के निर्देश दिए हैं। धान खरीदी केन्द्रों में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी एवं किसान के विवाद होने की जानकारी मिलने पर एसडीएम डिंडौरी को जांच करने को कहा, कलेक्टर श्री झा ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि उचित मूल्य की दुकानों का नियमित रूप से निरीक्षण करें, जिससे हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्वक खाद्यान्न सामग्री मिल सके।



