मंत्रोच्चार व आरती उतारकर किया मातृ शक्ति का सम्मान

जबलपुर दर्पण। ईश्वर की सबसे सुंदर रचना व कृति नारी है, जिसमें धैर्य, साहस, सहनशीलता, समन्वय, शक्ति, प्रेम, स्नेह, दया, करुणा व अन्य अनेक गुणों से युक्त उपमाओं का समावेश है, ऐसी नारी शक्ति को सादर बारंबार नमन है , उक्ताशय के उदगार एवं विचार अतिथियों ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ममत्व सेवा संस्था के नारी शक्ति सम्मान प्रदान करते हुए व्यक्त किये। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पुष्प अर्पित कर हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत उपरांत विविध क्षेत्रों में क्रियाशील व उत्कृष्ट कार्य करके समाज मे मिसाल कायम करने वाली नारियों का सम्मान ममत्व सेवा संस्था द्वारा किया गया। इस अवसर पर जगत बहादुर सिंह अन्नू , सुषमा जैन, केवल कृष्ण आहूजा, एस डी एम गोरखपुर दिव्या अवस्थी ने नारी शक्ति को साहस, ऊर्जा व सामंजस्य की धुरी बताया। संस्था से दीपक पचौरी, के के शुक्ला व अन्य सदस्यों ने दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान व साथ ही 80 वर्ष की बुजुर्ग मातृ शक्तियों का स्वागत व सम्मान उनकी उपलब्धियों के लिए शॉल,श्रीफल, मान पत्र व मोतियों की माला पहनाकर एवं मंत्रोच्चार से आरती उतारकर किया गया।



