भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी ग्रेवल सड़क मार्ग, ग्रामीणों को नही मिल रहा फायदा

गोरखपुर रोड़ से ठाकुर देव तक बनी ग्रेवल सड़क मार्ग का मामला
डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के जनपद पंचायत बजाग अंतर्गत ग्राम पंचायत बजाग माल में लगातार भ्रष्टाचार के मामले सामने आते रहे है। बताया गया कि ग्राम पंचायत बजाग माल में एक वर्ष पूर्व बनी गोरखपुर रोड़ से ठाकुर देव तक बनी ग्रेवल सड़क के एक ही साल में परखच्चे उड़ गए हैं, बावजूद जिम्मेदारों पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है की आधी अधूरी सड़क की एस डी ओ द्वारा सीसी भी जारी कर दी गई है, जबकी ना तो इस पर नियमानुसार डस्ट मिली और न गिट्टी डाली गई और पूरी राशी का आहरण कर लिया गया है। गौरतलब है कि मनरेगा के बिलों के भुगतान में सरपंच, सचिवों की भूमिका होती है, इन सबके हस्ताक्षर से ही भुगतान किया जाता है। वहीं दूसरी ओर शांति धाम से कुकरिया मार्ग पर एक और ग्रेवल सड़क बन रही है, जिसमें कोई भी गुणवत्ता नहीं है। सिर्फ अवैध खनन करके मुरूम और बजरी बिछाकर शासकीय राशियों को निपटाने के जुगत में लगे हुए हैं, इस सड़क को भी खानापूर्ति का उदाहरण समझा जा सकता है। क्षेत्र के एक भाजपा नेता द्वारा ठेके पर कराए जा रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर जनपद सीईओ प्रदीप कुमार आंखें बंद किए हुए हैं।विभागीय उच्चाधिकारियों की सांठगांठ के बिना ग्राम पंचायत बजाग माल के सचिव सरपंच कैसे जनता के पैसों का दुरुपयोग कैसे कर रहे हैं,यह बड़ा सवाल है। जनपद मुख्यालय और मुख्यकार्यपालन अधिकारी के चेम्बर से महज आधे किलोमीटर दूर गोरखपुर मुख्य मार्ग से ठाकुर देव तक बनी ग्रेवल रोड पर सरपंच सचिव और उच्चाधिकारियों ने सांठगांठ कर 15 लाख से भी अधिक की राशि सिर्फ मुरूम बिछाकर आहरण कर ली, जबकि उक्त रोड़ पर पैदल चलना भी मुश्किल है। रोलर न चलने के कारण बड़े बड़े गोल पत्थर पूरी रोड में बिखरे हुए हैं, बावजूद इसके बिना निरीक्षण 15 लाख रुपये का आहरण कैसे हो गया यह जाँच का विषय है। जगह-जगह गड्ढे में तब्दील हो चुकी ग्रेवल सड़क आज भी बा
बजाग माल के सरपंच सचिव के भ्रष्टाचार की चश्मदीद गवाह है। स्थानीय ग्रामीणों की मानें तो पंचायत में लगातार हो रहे भ्रष्टाचार के चलते विकास को सही गति नहीं मिल पा रही है।



