टोंस जल विद्युत गृह आगामी 25 वर्षों तक फिर से करेगा उत्पादन

पावर जनरेटिंग इंजीनियरो की जिद ने पुन: किया सिंक्रोनाइज
जबलपुर । मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के अनुभवी इंजीनियरों की त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, काम करने की जिद व कार्य कुशलता से दो वर्ष एक माह पश्चात् टोंस जल विद्युत गृह सिरमौर की 105 मेगावाट की यूनिट नंबर तीन बुधवार को देर रात में क्रियाशील हो कर पूरी क्षमता से विद्युत उत्पादन करने लगी। यह यूनिट 17 जून 2020 को अचानक स्टेटर अर्थ फॉल्ट और जनरेटर के क्षतिग्रस्त होने के कारण बंद हो गई थी। इस यूनिट ने बंद होने के पूर्व 14 मार्च 1992 से लगातार 28 वर्षों तक बिजली उत्पादन किया था। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी ने 17 जून 2020 को टोंस जल विद्युत गृह की यूनिट नंबर तीन में तकनीकी खराबी आने के बाद इसकी मरम्मत करने के लिए यूनिट के निर्माता, प्रदायकर्ता व स्थापित करने वाली कंपनी बीएचईएल को निरीक्षण हेतु बुलाया गया। बीएचईएल के इंजीनियरों की टीम ने यूनिट के अत्यधिक क्षति होने के कारण यूनिट को सुधार कार्य कर पुन: क्रियाशील करने में असमर्थता व्यक्त की गई।



