आईएसओ ने मनाया मज़दूर जागरूकता दिवस

जबलपुर दर्पण। मज़दूरों की दशा और दिशा पर चर्चा करने के लिए आज पहली मई मज़दूर दिवस पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग ऑर्गेनाइज़ेशन (आईएसओ) ने मज़दूर जागरूकता दिवस का आयोजन किया। आयोजन में आईएसओ के सदस्यों सहित कई बुद्धिजीवियों ने शिरकत कर अपने विचार एवं सुझाव व्यक्त किए। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार रजक ने देश में मज़दूरों की दशा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हालाँकि देश की अर्थव्यवस्था में सुधार से कुछ हद तक हालात बदलें हैं, लेकिन अनऑर्गेनाज्ड सेक्टर में आज भी मज़दूर भाइयों को संघर्षमय जीवन व्यतीत करना पड़ रहा है । यहाँ सुधार की आवश्यकता से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं जागरूकता के अभाव में मज़दूर भाइयों को उनके अधिकार भी पूरी तरह नहीं मिल पाते। कार्यक्रम में विविध क्षेत्रों में कार्यरत मज़दूर भाइयों ने व कुछ मज़दूर संगठनों ने भी भाग लिया। इस दौरान ऑर्गनाइज्ड एवं अनऑर्गेनाइज्ड दोनों ही सेक्टर के कर्मचारियों को उनके मूल अधिकारों की जानकारी प्रदान की गयी साथ ही उनके अधिकार सुनिश्चित कराने का आश्वासन भी दिया गया।



