गणित से डरने की नहीं, समझने की जरूरत…….

राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर कार्यशाला का आयोजन
जबलपुर दर्पण। जीवन की शुरुआत से लेकर अंत तक हम दैनिक जीवन में गणित का ही उपयोग करते हैं। बिना गणितीय संक्रियाओं के जीवन असंभव है। स्कूली परीक्षाओं के साथ ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में भी बिना गणितीय ज्ञान के सफलता पाना असंभव है। गणित का प्रारंभिक ज्ञान सभी को होना आवश्यक है। उक्त बांतें मानस भवन में आयोजित गणितीय कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर कलेक्टर सौरभ के सुमन ने कहीं। विशिष्ट अतिथि अपर कलेक्टर नमः शिवाय अरजरिया ने कहा कि गणित को एक विषय के तौर पर देखना चाहिए इससे डरना नहीं चाहिए। रादुविवि के कुलपति प्रो कपिलदेव मिश्र ने पुरातन काल से लेकर वर्तमान तक गणितीय संक्रियाओं की जानकारी दी। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण विभाग डाॅ आरके स्वर्णकार ने रामानुजन के जीवन के रोचक पलों की छात्रों से चर्चा की।
मप्र विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद भोपाल के डॉ निपुण सिलावट और डॉ प्रमोद श्रीवास्तव द्वारा गणित के संबंध में रोचक जानकारी और शॉर्टकट ट्रिक्स की जानकारी दी गई । कार्यशाला में बच्चों द्वारा गणित की संख्याओं का सरल सहज प्रदर्शन किया गया। बच्चों ने गणित को बड़े ही सरल विधियों से बड़ी बड़ी जोड़ घटाव को मिनटों में हल करकेे दिखाया, वहीं डॉ श्रीवास्तव ने गणित विषय को सरल बनाने के लिए बहुत से उदाहरणों के माध्यम से विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की। प्राचार्य डॉ निलेश पांडे ने गणित के जादुई खेलों का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर गणित की संख्याओं का प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी व प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।
कार्यशाला का आयोजन हितकारिणी महिला महाविद्यालय द्वारा किया गया। संयोजन जिला निर्वाचन कार्यालय, कार्यालय जागरूकता समिति निर्वाचन और साक्षरता क्लब कलेक्टरेट जबलपुर द्वारा किया गया जबकि कार्यशाला के प्रायोजक मप्र विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद भोपाल थे।
इस दौरान हितकारिणी सभा के अध्यक्ष नित्यनिरंजन खंपरिया, प्रधान वैज्ञानिक एमपीसीएसटी डॉ राम कुमार रजक, डॉ एनके रिछारिया, पंडित आलोक मिश्रा अति खान डॉ सुलक्षणा त्रिपाठी, आशीष मालपानी, अशोक दासगुप्ता डॉ शक्ति स्वरूपा पटेल प्रतीक्षा नामदेव पूजा मिश्रा सहित विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे।



