जबलपुर दर्पण
रानी दुर्गावती कलावीथिका में सायकल स्टैंड वालों की गुंडागर्दी से लोग परेशान
जबलपुर दर्पण । रानी दुर्गावती कलावीथिका जबलपुर में कुछ महीनों से सायकल स्टैंड चालू किया गया है। जबकि कई दशकों पूर्व स्थापना के समय से ही कभी सायकल स्टैंड का पैसा नहीं लगता था। लोगों की सुविधा हेतु प्रारंभ से ही स्टैंड का शेड बना हुआ है, जहाँ पर लोग अपने वाहन निःशुल्क खड़े करते चले आ रहे थे। परन्तु न जाने क्यों संग्रहालय प्रबंधन द्वारा जनहित विरोधी फरमान जारी कर प्रतिवाहन दस रुपये शुल्क वसूला जाने लगा है, जबकि कलावीथिका आरक्षण की नियत शुल्क , बिजली खर्च एवं सुरक्षा निधि आयोजकों से सदैव बिना कोई रियायत दिए ली ही जाती है। ज्ञात हो कि ऐसे अन्य किसी स्थानों में ये अंधेरगर्दी नहीं है। आयोजक जो स्वयं कलावीथिका आरक्षित कराते हैं, उनसे तक सायकल स्टैंड का पैसा जबर्दस्ती वसूला जाता है। आयोजक जिन्हें कार्यक्रमों की व्यवस्था हेतु बार-बार आना जाना पड़ता है, उनसे भी सायकल स्टैंड वाले बदतमीजी करते हैं, संग्रहालय प्रबंधन से शिकायत करने की बात पर उल्टे आयोजकों को धौंस देते हैं कि कर दो शिकायत, हम किसी से नहीं डरते और अपशब्दों का स्तेमाल करने लगते हैं। आए दिन सायकल स्टैंड वालों की गुंडागर्दी से कला-साहित्य-संगीत से जुड़े सामान्य लोगों की परेशानी से बेखबर रानी दुर्गावती संग्रहालय प्रबंधन भी कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। लोगों द्वारा शिकायत और माँग की गई है कि सारी सुविधाएँ आरक्षण राशि में समाहित रहना चाहिए। प्रशासन द्वारा जनसुविधा स्थल को कमाई का जरिया नहीं बनाया जाना चाहिए। स्थानीय प्रशासन से यथोचित कार्यवाही की माँग वहाँ पहुँचने वाले लोगों द्वारा की गई है।



