सफाई के नाम पर दिखावा, जनता की उपेक्षा पर पार्षद ध्यानेश शनी घई का आक्रोश

मैहर जबलपुर दर्पण । नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर वार्ड नंबर 15 के पार्षद ध्यानेश शनी घई ने तीखा प्रहार किया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सफाई अभियान के नाम पर नगर पालिका की सीएमओ स्वयं को हीरो सिद्ध करने में व्यस्त हैं जबकि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। शहर के वास्तविक समस्याओं विशेष रूप से सफाई की चपेट में जूझ रहे नागरिकों की उपेक्षा कर, प्रशासन महज़ दिखावे का खेल खेल रहा है।
पार्षद घई ने स्पष्ट शब्दों में कहा
कि लोकतंत्र में जनता अपने प्रतिनिधियों को चुनकर भेजती है ताकि उनकी आवाज़ प्रशासन तक पहुँचे। किंतु यदि उन्हें उचित सम्मान न देकर उनकी उपेक्षा की जाए और मनमानी की जाए तो इसे हम कतई स्वीकार नहीं करेंगे। जनता के हितों की अनदेखी कर खुद को सुर्खियों में लाने का प्रयास
प्रशासन की संकीर्ण मानसिकता का परिचायक है।
उन्होंने सफाई अभियान के बहाने फोटो सेशन करने की निंदा की। चार चौराहों पर पहले से सफाई रहती है, वहाँ केवल प्रदर्शनात्मक गतिविधियाँ कर वास्तविक कार्य से ध्यान भटकाना उचित नहीं। पार्षद ने आगे कहा कि दूसरे वार्डों में नियुक्त स्वच्छता कर्मियों को यहाँ बुलाकर दिखावा करना न केवल प्रशासनिक असंवेदनशीलता है बल्कि इससे उनके मूल ड्यूटी क्षेत्र की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित होती है। ऐसे कृत्य से न तो शहर का हित साधित होता है और न ही स्वच्छता अभियान की विश्वसनीयता बचती है पार्षद घई ने पार्षद ओम चौबे द्वारा लगाए गए आरोपों का समर्थन करते हुए कहा कि यह शिकायत कोई व्यक्तिगत विरोध नहीं, बल्कि जनता की व्यथा है। अतिक्रमण की समस्या वर्षों पुरानी है, परंतु प्रशासन का ध्यान केवल फोटो-ऑप तक सीमित है। हम जनहित की आवाज़ को दबने नहीं देंगे। नगर की मूल समस्याओं पर ध्यान केंद्रित कर प्रशासन को जवाबदेह बनाना ही हमारा कर्तव्य है उन्होंने दृढ़ता से कहा कि
वह स्वच्छता जैसे महत्त्वपूर्ण विषय को दिखावे से हटाकर वास्तविक कार्यवाही में बदले। जनता का विश्वास जीतना ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।



