पुज्य बड़े भैया डॉ. अनिल शास्त्री जी के सानिध्य में प्रयागराज में होगा सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग का निर्माण

जबलपुर दर्पण। आज से 30 जनवरी तक, डॉ. अनिल शास्त्री (बड़े भैया) के मार्गदर्शन में प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ में 136वें सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण की तैयारियाँ जारी हैं। यह भव्य आयोजन प्रयागराज शिष्य मंडल द्वारा किया जा रहा है। इस आयोजन में पूरे भारतवर्ष से गुरुपरिवार के भक्त भाग लेंगे।
इस महाकुंभ मेले की शुरुआत 13 जनवरी 2025 को पौष पूर्णिमा स्नान के साथ होगी, और समापन महाशिवरात्रि पर्व 26 फरवरी 2025 को होगा। यह कुंभ मेला 45 दिन तक चलेगा, जिसमें लाखों तीर्थयात्री और भक्त शामिल होंगे।
इस विशेष आयोजन का प्रमुख आकर्षण 136वें सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग का निर्माण होगा, जो 24 से 30 जनवरी तक सेक्टर नंबर 9 के गंगेश्वर मंदिर, सलोरी में स्थित विशाल पंडाल में होगा। इस कार्य की तैयारियाँ प्रयागराज शिष्य मंडल द्वारा धूमधाम से की जा रही हैं।
प्रयागराज में होने वाला यह महाकुंभ हिन्दू धर्म का सबसे बड़ा और पवित्रतम आयोजन माना जाता है, और यहां हर बार 12 साल में एक बार विशाल संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। संस्कारधानी जबलपुर से भी हजारों श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल होने के लिए प्रयागराज पहुंचेंगे।



