विधायक और जनप्रतिनिधियों ने किया नवनिर्माण पंचायत भवन का भूमि पूजन

जबलपुर दर्पण। सिहोरा तहसील के विभिन्न ग्राम पंचायतों में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के अवसर पर नवनिर्माण पंचायत भवनों का भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक संतोष बड़करे, जनपद अध्यक्ष रश्मि मनेन्द्र अग्निहोत्री, मंडल अध्यक्ष पवन गुप्ता, पंडित रविंद्र जाम्पुरिया और अन्य जनप्रतिनिधियों ने शामिल होकर भूमि पूजन किया और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर तिलक किया।
इस भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन राजगवां, बुधारी, खितौला खम्परिया, घुटना, खजरी सहित अन्य ग्राम पंचायतों में किया गया। कार्यक्रमों के दौरान एक किलोमीटर लंबी प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत क्षेत्रीय विधायक और जनप्रतिनिधियों ने पदयात्रा की।
कार्य योजना के तहत इन पंचायतों में प्रत्येक 37.49 लाख की लागत से नवनिर्माण पंचायत भवन तैयार किए जाएंगे, जिनमें जनप्रतिनिधि कक्ष, सभा कक्ष, प्रतीक्षा कक्ष, तकनीकी कक्ष, सचिव कक्ष और अभिलेख कक्ष का निर्माण किया जाएगा।
कुम्ही सतधारा में भी अटल बिहारी वाजपेयी जी की 100वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई, जिसमें सरपंच मोहन मिश्रा और स्थानीय नागरिकों ने अटल जी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके साथ ही वहां भी अटल ग्राम सुशासन भवन का भूमि पूजन किया गया।
इस भूमि पूजन कार्यक्रम में जिला सदस्य महेंद्र बड़करे, जनपद सदस्य राजकुमारी सुरेश पटेल, अनुपम सराफ, अंकित तिवारी, माधव मिश्रा, मंडल अध्यक्ष विनोद मार्को, आशुतोष रजक, संजय पाठक, जनपद सीईओ जितेन्द्र गुप्ता, अर्जुन रजक, मोहन मिश्रा, दिलीप विश्वकर्मा, मदन पटेल, रितु राजेश पांडे, संदेश राय, राम सूजन यादव, केके पटेल, रेखा महोबिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
यह आयोजन ग्राम पंचायतों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा और जनता को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक नया आयाम स्थापित करेगा।



