संविधान बचाओ दिवस पर कांग्रेस ने निकाली पदयात्रा, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

सीधी जबलपुर दर्पण । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी सीधी द्वारा संविधान बचाओ दिवस मनाया गया। इस अवसर पर वीथिका भवन प्रांगण से कलेक्ट्रेट भवन तक एक शांतिपूर्ण पदयात्रा निकाली गई, जिसमें वरिष्ठ कांग्रेसजन, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, विभिन्न मोर्चा संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक सम्मिलित हुए। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती तथा पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रियाओं की मांग को लेकर नारे लगाए। पदयात्रा कलेक्ट्रेट पहुंचकर सभा में परिवर्तित हुई, जहां जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बढ़ते दबाव और संविधान के मूल सिद्धांतों से हो रहे विचलन पर गंभीर चिंता व्यक्त की। इसके उपरांत जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति, भारत सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देशभर में लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता पर मंडरा रहे खतरों, संविधान की गरिमा के साथ कथित छेड़छाड़, निर्वाचन प्रक्रियाओं में हस्तक्षेप और मतदाता सूची में अनियमितताओं की शिकायतें दर्ज की गईं। ज्ञापन की प्रमुख मांगों में संविधान की मूल भावना की रक्षा हेतु ठोस कदम उठाए जाएँ। लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए। मतदाता सूची में छेड़छाड़ रोकने हेतु सख्त दिशा निर्देश जारी हों। नागरिक अधिकारों पर किसी भी प्रकार के अनुचित दबाव या दुरुपयोग पर रोक लगाई जाए। लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा के लिए संवैधानिक प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। कांग्रेस ने कहा कि संविधान द्वारा प्रदत्त न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्यों की रक्षा हर नागरिक का दायित्व है। आज जब लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अभूतपूर्व दबाव है। ऐसे समय में पूरे देश में जागरूकता और एकजुटता आवश्यक है। कार्यक्रम का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा किया गया। आयोजन में उपाध्यक्ष आकाश सिंह रिंकू, महामंत्री ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री, संभागीय प्रवक्ता प्रदीप सिंह दीपू, महामंत्री शीलारानी साकेत, ब्लॉक अध्यक्ष विवेक सिंह दीपू, अरविंद तिवारी संकट, रामविलास पटेल, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजबहोर जायसवाल, महामंत्री जय सिंह, दिनेश विश्वकर्मा, प्रियंका सिंह, महिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष शशिकला द्विवेदी, रजनीश सोनी, कोषाध्यक्ष रजनीश श्रीवास्तव, गोविंद सिंह, सानेंद्र सिंह, जान आलम, कृतिमा सिंह, रेखा सिंह, दिनेश विश्वकर्मा सहित भारी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसजन पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी संगठनात्मक इकाइयों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।



