सार्थक एप में लगातार सामने आ रहा फर्जीवाड़ासागर के बाद विदिशा में 6 अतिथि विद्वानों की सेवा समाप्त, रद्दी की टोकरी में सीधी की शिकायत

सीधी जबलपुर दर्पण । उच्च शिक्षा विभाग में सार्थक एप में हुआ फर्जीवाड़े ने हड़कंप मचा दिया। इस मामले में लगातार जांच की जा रही है व संचालनालय से लगातार जांच कर कार्यवाही की जा रही है। सागर के बाद अब विदिशा के शासकीय कन्या महाविद्यालय गंजबासौदा के 6 अतिथि विद्वानों की सेवा समाप्त कर दी गई। इन अतिथि विद्वानों द्वारा भी फर्जी तरीके से एप में हाजरी लगाई जा रही थी, वीडियो व वीडियो कालिंग के माध्यम से कॉलेज में न होते हुए भी कॉलेज की लोकेशन पर वह हाजरी लगा रहे थे। जांच में फर्जीवाड़ा आया तो वल्लभ भवन से उनकी सेवा ही समाप्त कर दी गई। लगातार हो रही कार्यवाहियों के बीच हैरानी की बात यह है कि क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा रीवा कार्यालय में सार्थक एप के ही फर्जीवाड़े से जुड़ी शिकायत पर प्रभारी एडी डॉ.आरपी सिंह ने अब तक संज्ञान नहीं लिया है। इस शिकायत का भी हाल पूर्व की शिकायतों की तरह की है और वह रद्दी की टोकरी में फेक दी गई है। हालांकि पूर्व की तरह इस मामले में भी प्रभारी एडी का दावा है कि जांच बैठा दी गई है लेकिन जिसे वह जांच सौंपने की बात कह रहे है उन्होंने इस बात से साफ इनकार कर दिया है कि उन्हें कोई जांच सौंपी गई है।
एडी व प्राचार्य पर कार्यवाही की मांग
बता दें कि पूर्व कांग्रेस प्रदेश सचिव रामप्रकाश तिवारी डैडू ने एडी रीवा से शिकायत कर बताया था कि शासकीय कॉलेज खड्डी जिला सीधी में कई अतिथि विद्वान गलत तरीके से हाजरी लगा रहे हैं। वह लोकेशन में रहते नहीं हैं इसके बाद भी उनकी लोकेशन खड्डी बताती है और आकर कई दिनों का एक साथ हस्ताक्षर भी करते हैँ। प्रभारी प्राचार्य डॉ.रामसुरेश भारती कभी आते नहीं हैं और इन्हीं मनमानी करने वाले अतिथि विद्वानों को सार्थक एप का एडमिन आईडी पासवर्ड दे रखा है। पूर्व प्रदेश सचिव ने कहा कि शिकायत पर एडी ने संज्ञान नहीं लिया और उन्होंने शिकायत आयुक्त उच्च शिक्षा से की है और इसमें उन्होंने प्राचार्य व प्रभारी एडी पर भी कार्यवाही की मांग की है।
इनका कहना हैं।
सार्थक एप से संबंधित शिकायत मिली है, शासकीय कॉलेज खड्डी जिला सीधी में कुछ अतिथि विद्वानों के गलत हाजरी लगाने की शिकायत मिली है। जांच के लिए लीड कॉलेज सीधी प्राचार्य को आदेशित किया है।
डॉ.आरपी सिंह, प्रभारी क्षेत्रीय संचालक उच्च शिक्षा रीवा संभाग।
मेरे पास कोई आदेश सार्थक एप में जांच संबंधित नहीं आए हैं, एडी रीवा ने इस संबंध में कोई आदेश नहीं दिया है।
डॉ.रामनारायण स्वर्णकार, प्राचार्य लीड कॉलेज सीधी।



