“किसान बचेगा, तभी देश बचेगा खाद की कमी दूर होगी, तभी खेत खिलेगा”: खुराना

सिवनी जबलपुर दर्पण । प्रदेश और जिले की ज्वलंत समस्याओं को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी सिवनी के नेतृत्व में एक विशाल जनआंदोलन आयोजित किया गया। कांग्रेस कार्यालय से स्मार्ट मीटर की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर अम्बेडकर प्रतिमा स्थल तक एक रैली निकाली गई, जिसके उपरांत धरना प्रदर्शन और स्मार्ट मीटर का पुतला दहन किया गया।
धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार खुराना ने कहा, “कांग्रेस सरकार ने किसानों को मुश्किलों से निकालकर राहत दी थी, लेकिन भाजपा सरकार ने धोखा देकर उन्हें फिर संकट में धकेल दिया है। किसानों को खाद नहीं मिल रही, बिजली नहीं मिल रही, लागत लगातार बढ़ रही है और फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। जगह-जगह शराब तो आसानी से उपलब्ध है, लेकिन खाद के लिए किसान भटक रहा है। ‘किसान बचेगा, तभी देश बचेगा। खाद की कमी दूर होगी, तभी खेत खिलेगा।’”कार्यक्रम को बरघाट के पूर्व विधायक अर्जुन सिंह काकोडिया ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि— “किसान और आम जनता दोनों परेशान हैं। दूसरी ओर, पुलिस छोटे लोगों से हेलमेट, सीट बेल्ट, लाइसेंस के नाम पर वसूली में लगी है, लेकिन सिवनी में हो रहे बड़े अपराधों पर कोई ध्यान नहीं है। कांग्रेस पार्टी बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर की नीतियों पर चलती है, और उनके विचार ही सच्चे ज्ञान का प्रतीक हैं।”इस आंदोलन में जिला कांग्रेस सहप्रभारी विवेक अवस्थी, जेपीएस तिवारी, विष्णु करोसिया, राजिक अकील, जयकेश पटेल, आदित्यनारायण सिंह विकास बघेल, मनोज राहंगडाले, देवेन्द्र ठाकुर, डा. रमेन्द्र सिंह ठाकुर, हुकुमचंद सनोडिया, धनंजय सिंह, अशोक सिरसाम, सुनील पंचेश्वर खारी सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसजन उपस्थित रहे। आंदोलन के पश्चात राज्यपाल महोदय के नाम ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया, जिसमें निम्नलिखित प्रमुख मुद्दों को लेकर त्वरित कार्यवाही की मांग की गई।



