धार्मिक नगरी मैहर को स्वच्छ एवं मच्छरमुक्त बनाया जाए : पार्षद जितेंद्र पांडे

मैहर जबलपुर दर्पण । नगर पालिका क्षेत्र में मच्छरों से फैलने वाली मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए भाजपा के वरिष्ठ पार्षद जितेंद्र पांडे ने नगरपालिका प्रशासन से विशेष अभियान चलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मच्छरमुक्त मैहर बनाने के लिए नगर पालिका को व्यापक सफाई अभियान के साथ-साथ कीटनाशक छिड़काव हेतु स्प्रे मशीनें और सुल्थीयान दवा उपलब्ध करानी चाहिए। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सब्जी मंडी सहित सभी वार्डों में छिड़काव अनिवार्य रूप से किया जाए।
कर्मचारियों की सुरक्षा पर जोर
पांडे ने सुझाव दिया कि अभियान में शामिल कर्मचारियों को हेलमेट, मास्क, दस्ताने, गमबूट और वर्दी उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे सुरक्षित रहकर अपना कार्य कर सकें।
नागरिकों की परेशानी दूर करने पर बल
उन्होंने कहा कि नगरपालिका का दायित्व है कि कोई भी क्षेत्र ऐसा न रहे जहाँ मच्छरों की वजह से आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़े। स्वच्छता और मच्छरनाशी अभियान से मैहर को स्वस्थ एवं रोगमुक्त नगरी बनाया जा सकता है।



