पाठक वार्ड इलाके में चोरी के शक पर लोगों ने एक युवक को पकड़कर पीटा

कटनी जबलपुर दर्पण । रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के पाठक वार्ड इलाके में शुक्रवार को चोरी के शक में लोगों ने एक युवक को पकड़कर पीट दिया। जानकारी के अनुसार जब मोहल्ले में शोरगुल हुआ तो युवक जान बचाने के लिए पास ही स्थित पानी भरे खदान में कूद गया। इसके बावजूद भीड़ ने उसका पीछा कर उसे मारपीट का शिकार बनाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले आई। फिलहाल युवक से पूछताछ की जा रही है।
रंगनाथ नगर थाना प्रभारी नवीन नामदेव ने बताया कि जिले में इन दिनों चोर घुसने की अफवाह फैली हुई है। उन्होंने कहा कि किसी भी अजनबी पर शक होने पर लोग तुरंत पुलिस को सूचना दें, स्वयं पकड़ने या मारपीट करने की कोशिश न करें। थाना प्रभारी ने जनता से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें, आपकी सुरक्षा के लिए पुलिस बल मुस्तैद है।



