सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम की तैयारी हेतु जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न

सिवनी जबलपुर दर्पण । भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्धारित संगठनात्मक कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर भाजपा जिला कार्यालय पं. अटल बिहारी वाजपेयी परिसर में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने की।
सेवा ही कार्यकर्ता की पहचान – मीना बिसेन
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने कहा कि सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम को प्रत्येक समाज तक ले जाकर कार्यकर्ताओं को सेवा भाव से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा –
“हमारे मन में सच्ची सेवा भावना होनी चाहिए। भाजपा कार्यकर्ता की छवि हमेशा अलग और प्रेरणादायी होनी चाहिए। स्वच्छता, वृक्षारोपण या अन्य सामाजिक कार्यों में समाज की निगाह भाजपा कार्यकर्ताओं पर रहती है।”
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले प्रत्येक कार्यक्रम चाहे प्रशासनिक स्तर पर हों या संगठनात्मक, उनका लाभ जनता तक पहुँचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा से कार्य करना चाहिए। “नर सेवा ही नारायण सेवा” के संकल्प को जीवन में उतारना ही कार्यकर्ताओं का वास्तविक लक्ष्य होना चाहिए।
कार्यशाला में बनी कार्ययोजना
कार्यशाला में सेवा पखवाड़ा के दौरान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। इसके लिए पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेश त्रिवेदी को जिला संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं सह-संयोजक के रूप में जिम्मेदारी अन्य नेताओं को सौंपी गई। सभी मंडलों में विशेष आयोजन किए जाएंगे, जिनमें स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम और जागरूकता गतिविधियाँ शामिल रहेंगी।



