जनसुनवाई के अंतर्गत सुनी गई 112 आवेदकों की समस्यायें

छिन्दवाड़ा जबलपुर दर्पण । राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है । कलेक्टर हरेंद्र नारायन के मार्गनिर्देशन में एडीएम धीरेन्द्र सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 112 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, भू-अधिकार पट्टा दिलाने, जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने, जाति प्रमाण पत्र बनाने, पैतृक संपत्ति का बटवारा करने, खसरा-नक्शा दुरूस्त कराने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी। इसके साथ ही कलेक्टर श्री नारायन के निर्देशानुसार जनसुनवाई में आने वाले नागरिकों के लिए फ्री शुगर और बीपी जाँच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है । जनसुनवाई कार्यक्रम में आज ग्राम चारगांव भाट के श्री रेवाराम डोले ने पीएचई पाईप लाइन व रोड में अधिग्रहित की गई भूमि का मुआवजा दिलाने, ग्राम ईकलबिहरी के नूरानी मस्जिद कमेटी उमरानाला के अनवर बेग ने कब्रिस्तान के लिये भूमि आवंटित करने, ग्राम खिरसाडोह की श्रीमती संध्या श्रीवास्तव ने अनुकंपा नियुक्ति दिलाने, ग्राम तालपिपरिया के हृदयराम पवार ने भूमि का राजस्व रिकॉर्ड दुरूस्त करने, ग्राम आमाझिरी की सुश्री रोशनी सिमोनिया ने आईटीआई की फीस माफ करने और आर्थिक सहायता दिलाने, ग्राम उमरहर के किसानों ने खेत पहुंच मार्ग पर हुये अतिक्रमण को हटाने, ग्राम पंचायत हर्राकछार के सरपंच ने ग्राम बातरा स्कूल से जड़ तक सुदूर सड़क मरम्मत कराने एवं छिंदवाड़ा नगर के दीवांचीपुरा के शमीम कुरैशी ने भूमि का सीमांकन करने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये।
इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में एसडीएम सुधीर जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर पुष्पेन्द्र निगम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये।



