‘दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान’ के तहत अधिकारियों ने किया पशुपालकों से संपर्क

कटनी जबलपुर दर्पण । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुरूप पशुपालन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और दुग्ध उत्पादन को दोगुना करने के लक्ष्य को पूरा करने के उद्देश्य से कटनी जिले में “दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत गाँव-गाँव जाकर पशुपालकों से व्यक्तिश: सम्पर्क किया जा रहा है और उन्हें पशुओं में नस्ल सुधार,पशु स्वास्थ्य एवं पोषण के संबंध में जागरूक किये जाने का आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।
इसी कड़ी में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर 'दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान' के तहत विकसखंड विजयराघवगढ़ में पशुपालकों के बीच जागरूकता फैलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक संपर्क अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत एसडीएम विजयराघवगढ़ श्री विवेक गुप्ता और उपसंचालक डॉ. आर.के. सोनी, ने ग्राम सिनगौड़ी और पथरहटा का दौरा किया। अधिकारियों ने घर-घर जाकर उन पशुपालकों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया जिनके पास 10 या उससे अधिक पशु हैं। इस दौरान, पशुपालकों को बेहतर पशुधन प्रबंधन के लिए नस्ल सुधार, पशु पोषण, पशु स्वास्थ्य और पशुपालन के क्षेत्र में आने वाली समस्याओं के निराकरण के तरीके बताये गए।
ग्राम पथरहटा में, अधिकारियों ने पशुपालकों दुग्ध संग्रहण हेतु दुग्ध समिति बनाने के लिए प्रेरित किया। पशुपालकों को बताया गया कि दुग्ध संग्रहण केंद्र खुलने से पशुपालकों का श्रम, समय और अर्थ बचेगा। इस बचत का उपयोग वे अपने उत्पादन को और अधिक बढ़ाने में कर सकेंगे, जिससे उनकी आय में कई गुना तक वृद्धि हो सकेगी।
ग्रामीणों ने पशुपालन विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना की। इस दौरान पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी डॉ. जे.पी. लखेर और सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी एम.एस. बहेलिया भी उपस्थित रहे।



